Samachar Nama
×

नीना गुप्ता की सीख से बदला संदीपा धर का नजरिया, 'चुंबक' के सेट पर मिली खास सलाह बनी प्रेरणा

मुंबई, 20 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री की दुनिया में सफलता का कोई तय फॉर्मूला नहीं होता। यहां कब कौन-सा काम किसी कलाकार की किस्मत बदल दे, यह पहले से कहना मुश्किल होता है, इसलिए कई अनुभवी कलाकार हमेशा नए कलाकारों को एक ही बात सिखाते हैं- लगातार काम करते रहो और अपने हुनर पर भरोसा रखो। इस कड़ी में एक्ट्रेस संदीपा धर ने भी ऐसा ही एक अनुभव साझा किया है, जिसने उनके सोचने का तरीका बदल दिया।

यह अनुभव उनकी नई वेब सीरीज 'चुंबक' की शूटिंग से जुड़ा हुआ है, जहां उनकी मुलाकात दिग्गज अभिनेत्री नीना गुप्ता से हुई।

मुलाकात के खास पलों को याद करते हुए संदीपा धर ने कहा, "नीना गुप्ता मुझसे अक्सर कहती हैं कि उन्होंने स्टूडेंट्स के लिए एक शॉर्ट फिल्म की थी, उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि वही काम आगे चलकर उनके लिए नए मौके लेकर आएगा। लेकिन उसी काम की वजह से उन्हें बाद में फिल्म 'बधाई हो' जैसी बड़ी और सफल फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला।" वह कहती हैं कि कौन-सी फिल्म, कौन देखेगा और कहां देखेगा, कुछ नहीं कहा जा सकता। तुम्हारा काम एक एक्टर के तौर पर बस काम करते रहना है और अच्छा काम करना है ताकि कहीं न कहीं कोई तुम्हें देखे और सोचे कि शायद तुम किसी और प्रोजेक्ट के लिए सही हो.''

संदीपा ने माना कि यह बात सुनने में जितनी आसान लगती है, उसे जिंदगी में बनाए रखना उतना ही मुश्किल होता है, लेकिन यह सफलता का मंत्र है, जिसे समझना जरूरी है।

नीना गुप्ता ने लंबे समय तक संघर्ष किया और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई। उन्होंने 1982 में 'साथ-साथ' फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा। उन्होंने 'मंडी', 'जाने भी दो यारों', 'त्रिकाल' और 'गांधी' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय की छाप छोड़ी। उन्होंने टीवी की दुनिया में भी नाम कमाया और 90 के दशक में 'सांस' (1999) और 'सिस्की' जैसे टीवी शो के साथ-साथ क्विज शो 'कमजोर कड़ी कौन' की मेजबानी करके घर-घर में मशहूर हो गईं। उनके करियर में चार चांद तब लगे, जब वह 'बधाई हो' (2018) में नजर आईं। इस फिल्म के लिए उन्होंने फिल्मफेयर क्रिटिक्स अवार्ड जीता। इसके बाद उन्होंने 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान', 'ऊंचाई' और 'पंचायत' (वेब सीरीज) में प्रमुख भूमिकाएं निभाईं।

वहीं संदीपा धर की बात करें, तो वह हाल ही में मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी स्टारर फिल्म 'दो दीवाने सहर में' में नजर आई थीं, जहां उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचा। अब वह पहली बार नीना गुप्ता के साथ 'चुंबक' में काम कर रही हैं। हालांकि इस सीरीज के बारे में ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन फैंस इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

--आईएएनएस

पीके/वीसी

Share this story

Tags