नीलम मीणा को मिली पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी
कोलकाता, 25 मई (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग ने नीलम मीणा को पश्चिम बंगाल का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है।
भारत निर्वाचन आयोग सचिवालय ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति के संबंध में पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव को पत्र भेजा है।
पत्र में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति के लिए तीन आईएएस अधिकारियों का एक पैनल प्रस्तुत किया गया था। आयोग ने आईएएस मनोज कुमार अग्रवाल के स्थान पर पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में नियुक्ति के लिए आईएएस नीलम मीणा के नाम को अनुमोदित कर दिया है।
इस संबंध में जारी आयोग की अधिसूचना की एक कॉपी (जिसमें आईएएस नीलम मीणा को पश्चिम बंगाल का मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है, संलग्न है। आपसे अनुरोध है कि उक्त अधिसूचना को पश्चिम बंगाल राज्य राजपत्र में पुनः प्रकाशित करवाया जाए और उसकी एक प्रति आयोग को उसकी सूचना एवं अभिलेख हेतु भेजी जाए।
यह सुनिश्चित किया जाए कि नीलम मीणा, पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद का कार्यभार तत्काल ग्रहण कर लें। इस संबंध में अनुपालन रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर भेजी जाए।
बता दें कि पिछले दिनों पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य कैडर के तीन भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों का एक पैनल भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को भेजा था, ताकि आयोग उनमें से किसी एक को राज्य का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नियुक्त कर सके।
पश्चिम बंगाल के पूर्व सीईओ, मनोज कुमार अग्रवाल, अभी राज्य के मुख्य सचिव हैं। उन्हें यह पद तब मिला, जब राज्य के नौवें मुख्यमंत्री, सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई राज्य कैबिनेट ने कार्यभार संभाला।
इसी समय, ईसीआई द्वारा नियुक्त पूर्व विशेष चुनाव पर्यवेक्षक, सुब्रत गुप्ता को नए मुख्यमंत्री का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया। अग्रवाल और गुप्ता, दोनों को ही राज्य में 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) अभियान को प्रभावी ढंग से संभालने और हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से कराने का श्रेय दिया गया।
तीन आईएएस अधिकारियों के जिस पैनल के नाम नई राज्य सरकार ने ईसीआई को सुझाए थे, उनमें नीलम मीणा, तन्मय चक्रवर्ती और मौमिता गोदारा बसु शामिल हैं। इनमें सबसे वरिष्ठ मीणा हैं, जो 1998 बैच की आईएएस अधिकारी हैं।
--आईएएनएस
डीकेपी/

