Samachar Nama
×

एनडीए नेताओं ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर दी बधाई, नीतीश कुमार की तारीफ

पटना, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी प्रदेश के नए सीएम बनेंगे। सम्राट चौधरी को पटना में एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है। एनडीए नेताओं ने जहां नए सीएम को शुभकामनाएं दी तो वहीं नीतीश कुमार के कार्यकाल की प्रशंसा की।
एनडीए नेताओं ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर दी बधाई, नीतीश कुमार की तारीफ

पटना, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी प्रदेश के नए सीएम बनेंगे। सम्राट चौधरी को पटना में एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है। एनडीए नेताओं ने जहां नए सीएम को शुभकामनाएं दी तो वहीं नीतीश कुमार के कार्यकाल की प्रशंसा की।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं सम्राट चौधरी को और साथ ही उन सभी भाजपा विधायकों को हार्दिक बधाई देता हूं, जिन्होंने सर्वसम्मति से उन्हें अपना नेता चुना है। हमारे नेता नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। वे राजनीति में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा का एक उदाहरण हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार से विशेष लगाव रहा है और हाल के वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा यहां किए गए विकास कार्य इसका जीवंत प्रमाण हैं।

सम्राट चौधरी ने विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद कहा कि नीतीश कुमार ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है कि सरकार कैसे चलाई जाती है और बिहार में सुशासन कैसे स्थापित किया जा सकता है। हम सभी मिलकर बिहार और देश को विकसित बनाने के लिए काम करेंगे।

लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि यह हमारे लिए एक भावुक क्षण है। दो दशकों से अधिक समय तक बिहार और यहां की जनता को नीतीश कुमार के नेतृत्व का लाभ मिला है। अब जब वे केंद्रीय स्तर पर नए पड़ाव की ओर बढ़ रहे हैं, तो मैं अपनी और अपनी पार्टी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।

आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह एक भावुक पल है। लोग अलग-अलग तरीके से अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं, लेकिन यह प्रकृति का नियम है-कोई जाएगा तो कोई आएगा। नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक सेवा की है। दिल्ली जाने के बाद भी वे बिहार की जनता की सेवा करते रहेंगे।

बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया है और वे कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी ने बिहार के विकास के लिए जो काम किया है, अब वे राज्य को और आगे ले जाएंगे।

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि नीतीश कुमार को लगा कि अब राजनीति में नई पीढ़ी को मौका देने का समय आ गया है। उन्होंने एक बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी निभाई है। मेरा मानना है कि आने वाले दिनों में राजनीति में जो भी होगा, वह उनके मार्गदर्शन में ही होगा।

भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि यह एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक दिन है। हम सब मिलकर बिहार को आगे बढ़ाएंगे।

मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि एनडीए नेता के रूप में सम्राट चौधरी का चयन निश्चित रूप से बिहार के विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।

पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद यह हर भाजपा कार्यकर्ता के प्रयासों का नतीजा है कि सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिल रहा है।

जदयू नेता रामप्रीत मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार ने आज इस्तीफा दे दिया है और पूरा बिहार राज्य मायूस है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story

Tags