Samachar Nama
×

एनडीए नेताओं ने इंडिया ब्लॉक की बैठक को फ्लॉप शो बताया, चुनाव में मिलेगी हार

एनडीए नेताओं ने इंडिया ब्लॉक की बैठक को फ्लॉप शो बताया, चुनाव में मिलेगी हार
एनडीए नेताओं ने इंडिया ब्लॉक की बैठक को फ्लॉप शो बताया, चुनाव में मिलेगी हार

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। ईवीएम, एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को नई दिल्ली में हुई इंडिया ब्लॉक की बैठक को एनडीए नेताओं ने फ्लॉप शो बताया है।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि बड़ी शर्म की बात है कि 'सेव डेमोक्रेसी' की बात वे कर रहे हैं, जिन्होंने सदैव देश में लोकतंत्र का गला घोंटा है। देश 1975 के आपातकाल को भूल नहीं सकता, जब सत्ता के लालच में तत्कालीन प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता इंदिरा गांधी ने देश पर आपातकाल थोपा था और पूरे देश ने उसकी यातनाएं भुगती थीं। इंडी अलायंस राजनीतिक अवसरवादियों का झुंड है, यह निराशा के गर्त में नीचे तक जा चुका है। देश आर्थिक प्रगति कर रहा है, जनकल्याण के मुद्दों पर आगे बढ़ रहा है। विकास को प्राथमिकता देने के बजाय विपक्ष अपने विनाश को प्राथमिकता दे रहा है। पूरे देश से इनका नाश होना तय है।

शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा कि कुछ फिल्में ब्लॉकबस्टर होती हैं, तो कुछ फ्लॉप। इंडिया गठबंधन की बैठक साफ तौर पर एक फ्लॉप शो थी। 23 पार्टियों को बुलाया गया था लेकिन सिर्फ 10 ही आईं। डीएमके पहले ही बाहर हो चुकी है। टीएमसी कभी अंदर तो कभी बाहर होती रहती है। आम आदमी पार्टी तो बाहर ही है। उद्धव ठाकरे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ते हैं, क्योंकि वह दिल्ली में कांग्रेस का सामना नहीं कर सकते। फिर कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो बस तटस्थ बने हुए हैं।

जदयू नेता राजीव रंजन ने कहा कि इंडिया गठबंधन शुरू से ही गंभीर विरोधाभासों से जूझ रहा है। वे अक्सर तस्वीरों में साथ दिखते हैं लेकिन जब चुनाव आते हैं, तो इनके नेताओं को इस बारे में सफाई देनी चाहिए। बैठक में ममता बनर्जी के साथ एक तस्वीर साझा की जा रही थी लेकिन बंगाल में कांग्रेस, लेफ्ट और ममता बनर्जी सभी एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे थे। यह सिर्फ जनता को भ्रमित करने वाला गठबंधन है, जिस पर भरोसा कभी नहीं किया जा सकता है।

दूसरी ओर, भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर हुई बातचीत पर कहा कि हम सब जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निर्णय लेना भी जानते हैं और निर्णय को क्रियान्वित कराने की क्षमता भी रखते हैं। जो कुछ उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कहा होगा, वह निश्चित रूप से भारत के हितों को ध्यान में रखकर कहा होगा। प्रधानमंत्री मोदी भारत के हितों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध हैं, और दोनों नेताओं के बीच जो बातचीत हुई है, उससे निश्चित रूप से भारत और अमेरिका के बीच संबंध और अधिक मजबूत होंगे और व्यापार का एक अलग रास्ता प्रशस्त होगा। उन्होंने फ्लाईदुबई की फ्लाइट को बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की।

उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से कैप्टन मच्छार ने अदम्य साहस का परिचय दिया। 174 नागरिकों के उड़ते हुए जहाज में घायल होने के बाद भी उनकी जान बचाना एक भारतीय ही कर सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल अपनी ओर से उनकी तारीफ की है, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों की ओर से भी की है। हम सबके लिए गर्व की बात है कि अनेक विदेशी नेताओं ने भी उनके इस अदम्य साहस की प्रशंसा की है। इससे भारत पूरे विश्व में ऊंचा हुआ है।

संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि निश्चित रूप से एनआरसी लागू होना चाहिए, इसमें कहीं कोई दो राय नहीं है और यह हमारी सरकार की प्रतिबद्धता भी है। जो भारत को अपनी माता मानता है, जो भारत को मानता है कि भारत उसका अपना देश है, वही भारतीय नागरिकता के लिए पात्र माना जाना चाहिए। भारत में रहकर दूसरे की जय करने वालों को भारतीय नागरिकता नहीं देनी चाहिए।

फ्लाईदुबई की घटना पर शिवसेना नेता शायना एनसी ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार सिर्फ एक पायलट नहीं हैं बल्कि भारत के बेटे हैं। 34,000 फीट की ऊंचाई पर कॉकपिट के फर्श पर पड़े, घायल और खून से लथपथ हालत में उनके पास दो ही रास्ते थे, या तो हार मान लें या फिर लड़ें। उन्होंने एक बहादुर भारतीय की तरह लड़ने का फैसला किया और 174 लोगों की जान बचाई।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story