Samachar Nama
×

एनडीए नेताओं का विपक्ष पर तंज, कहा-भारत विरोधी ताकतों को मिलेगा करारा जवाब

एनडीए नेताओं का विपक्ष पर तंज, कहा-भारत विरोधी ताकतों को मिलेगा करारा जवाब
एनडीए नेताओं का विपक्ष पर तंज, कहा-भारत विरोधी ताकतों को मिलेगा करारा जवाब

पटना, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विजयादशमी के अवसर पर देश के दुश्मनों के खिलाफ एकजुट होने की अपील का एनडीए के नेताओं ने समर्थन किया है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने प्रधानमंत्री की अपील को राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की एकता के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत विरोधी ताकतों और विपक्ष की भूमिका को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने आईएएनएस से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील बिल्कुल सही है। विजयादशमी के अवसर पर देश के 1.4 अरब नागरिकों से भारत माता के दुश्मनों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि भारत लगातार प्रगति कर रहा है लेकिन कुछ संगठन और भारत विरोधी ताकतें देश को पीछे धकेलने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, ऐसी ताकतों को अपने मंसूबों में कामयाबी नहीं मिलेगी। भारत जल्द ही इन ताकतों को उचित जवाब देगा।

संजय सरावगी ने कॉकरोच विवाद को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अदालत का दरवाजा खटखटाना हर किसी का अधिकार है लेकिन सड़कों पर हंगामा करना, सुरक्षा बैरिकेड तोड़ना और पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कानून अपना काम करता है, तो छुट्टी के दिन हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना तथाकथित 'कॉकरोच गैंग' का पुराना पाखंड है।

जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने प्रधानमंत्री की अपील को प्रासंगिक और महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी और कई लोगों ने जेल में यातनाएं सहीं। उनके बलिदान के बाद ही देश को आजादी मिली और तिरंगा फहराने का गौरव प्राप्त हुआ।

राजीव रंजन ने कहा कि देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता को सुरक्षित रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। दूसरे देशों में पैदा हो रहे हालात से भारत को बचाने के लिए एकजुटता जरूरी है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के शोर मचाने से कुछ हासिल नहीं होगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का विकास हो रहा है और आने वाले समय में देश को और प्रगति देखने को मिलेगी।

जेडीयू प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष के कुछ लोग हैं जो भारत को आगे बढ़ता नहीं देख सकते हैं, इसीलिए कोई न कोई बहाना करके देश का माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story