Samachar Nama
×

एनडीए की बैठक के बाद सांसद बोले- नीट मामले में सरकार की रणनीति साफ, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा

एनडीए की बैठक के बाद सांसद बोले- नीट मामले में सरकार की रणनीति साफ, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
एनडीए की बैठक के बाद सांसद बोले- नीट मामले में सरकार की रणनीति साफ, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा

नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों को युवाओं के भविष्य, देश के विकास और जनसेवा को लेकर मार्गदर्शन दिया। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बताया कि प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को सही दिशा और अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत पर विशेष चर्चा की।

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हर संसदीय सत्र की शुरुआत में प्रधानमंत्री एनडीए के सांसदों के साथ संवाद करते हैं और महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देते हैं। इस बैठक में प्रधानमंत्री ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उनके सपनों, क्षमताओं और उपलब्धियों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने उन भारतीय युवाओं के अनुभव भी साझा किए जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।

बैठक में युवाओं से जुड़े मुद्दों के अलावा सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने बैठक के बाद कहा कि नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में कोई भी देश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न करे।

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी बैठक को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की उपलब्धियों पर विस्तार से बात की। इनमें विज्ञान, तकनीक और हाइड्रोजन ट्रेन जैसी परियोजनाएं शामिल रहीं।

कंगना ने बताया कि प्रधानमंत्री ने इस बात पर चिंता जताई कि देश की कई बड़ी उपलब्धियों की चर्चा उतनी व्यापक रूप से नहीं हो रही, जितनी होनी चाहिए।

कंगना रनौत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सांसदों को कई मुद्दों पर मार्गदर्शन दिया और युवाओं की उम्मीदों को पूरा करने के तरीकों पर चर्चा की। इसके साथ ही नीट मामले को लेकर भी प्रधानमंत्री ने सरकार की रणनीति और आगे की दिशा के बारे में जानकारी दी।

कंगना रनौत ने दिल्ली पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। उन्होंने दावा किया कि सांसदों की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों ने ढाल की तरह काम किया और भीड़ को नियंत्रित किया। उन्होंने कहा कि घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं लेकिन आम जनता को नुकसान नहीं पहुंचा।

वहीं, भाजपा सांसद तरुण चुघ ने बताया कि प्रधानमंत्री ने एनडीए सांसदों से कहा कि उनका हर पल देश की सेवा और जनता के हित के लिए समर्पित होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने “देश सबसे ऊपर” के सिद्धांत पर काम करने का संदेश दिया। तरुण चुघ के अनुसार, प्रधानमंत्री ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज भारतीय युवाओं की आवाज दुनियाभर में सुनी जा रही है और भारत की प्रगति की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो रही है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story