Samachar Nama
×

एनडीए के नेताओं ने महिला आरक्षण पर सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि पर जताई खुशी

एनडीए के नेताओं ने महिला आरक्षण पर सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि पर जताई खुशी
एनडीए के नेताओं ने महिला आरक्षण पर सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि पर जताई खुशी

नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने इस फैसले का स्वागत किया है, वहीं महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने महिला आरक्षण विधेयक के साथ परिसीमन विधेयक लाए जाने पर खुशी व्यक्त की है।

केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने महिला आरक्षण और ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब महिला आरक्षण विधेयक संसद में पारित हुआ था, तब सभी राजनीतिक दल एक साथ आए थे और विधेयक को समर्थन देकर पारित कराया था। उस समय ओबीसी आरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से नहीं उठाया गया था।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि देश में जाति जनगणना की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल ओबीसी समुदायों की आबादी से जुड़े स्पष्ट आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। उन्हें उम्मीद है कि जाति जनगणना के माध्यम से ओबीसी की विभिन्न जातियों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति के स्पष्ट आंकड़े सामने आएंगे। आंकड़े उपलब्ध होने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।

लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने भी महिला आरक्षण विधेयक को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी महिला आरक्षण विधेयक लाया गया था, लेकिन विपक्षी दलों ने उसका विरोध करते हुए उसे पारित नहीं होने दिया। अब एक बार फिर विधेयक लाने की पहल की जा रही है तो विपक्ष विरोध कर रहा है।

सुषमा खर्कवाल ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक जनता और महिलाओं के हित में है। इससे महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने और निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं के हितों और उनके सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि परिसीमन के बाद देश में लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हो सकती है। इससे जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ेगी और देशभर में जनप्रतिनिधित्व का व्यापक नेटवर्क तैयार होगा।

महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है। इसके साथ परिसीमन विधेयक लाया जाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में देश की आबादी में काफी वृद्धि हुई है। ऐसे में सांसदों और विधायकों की संख्या में भी बढ़ोतरी होनी चाहिए, ताकि बढ़ती आबादी के अनुपात में लोगों को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।

उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद सीटों की संख्या बढ़ने से जनप्रतिनिधियों का नेटवर्क मजबूत होगा। इससे जनता और उनके प्रतिनिधियों के बीच संपर्क बेहतर होगा। जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने से लोगों में राजनीतिक भागीदारी और उत्साह भी बढ़ सकता है। शिरसाट ने कहा कि देश की वर्तमान जनसंख्या को देखते हुए परिसीमन की आवश्यकता है और इस विधेयक का सभी को स्वागत करना चाहिए।

महाराष्ट्र की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए संजय शिरसाट ने शरद पवार और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब तक सत्ता और राजनीतिक स्वार्थ पूरे होते रहे, तब तक शरद पवार अच्छे लगते थे, लेकिन सत्ता हाथ से निकलने के बाद उन्हें निशाना बनाया जाने लगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कुछ नेताओं को शरद पवार से शिकायत थी तो वे पहले उनके साथ क्यों थे? शिरसाट ने कांग्रेस पर भी राजनीतिक अवसरवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता अपने फायदे के अनुसार राजनीतिक रुख बदलते हैं।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी

Share this story