एनसीआरटीसी ने नमो भारत स्टेशनों पर चलाया मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता अभियान
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने महिला यात्रियों के बीच मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सराय काले खां और बेगमपुल नमो भारत स्टेशनों पर दो दिवसीय विशेष अभियान आयोजित किया। 27 और 28 मई को आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना, सामाजिक झिझक और भ्रांतियों को दूर करना तथा सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित स्वास्थ्य व्यवहार को बढ़ावा देना था।
यह अभियान दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के ऑपरेशन्स एवं मेंटेनेंस पार्टनर डीबी आरआरटीएस इंडिया के सहयोग से आयोजित किया गया। अभियान के तहत स्टेशनों पर विशेष सूचना डेस्क और जागरूकता कियोस्क लगाए गए, जहां महिला वॉलंटियर्स ने यात्रियों से संवाद कर मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता और आवश्यक सावधानियों से संबंधित जानकारी साझा की। इसके साथ ही महिला यात्रियों को नि:शुल्क सैनिटरी पैड, पीरियड ट्रैकर और हाइजीन किट भी वितरित किए गए।
एनसीआरटीसी ने अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्टेशनों पर इंटरैक्टिव एक्टिविटी जोन और थीम आधारित फोटो बूथ भी स्थापित किए। महिला कोच के भीतर वॉलंटियर्स ने यात्रियों से बातचीत कर उन्हें मासिक धर्म से जुड़ी गलत धारणाओं और सामाजिक वर्जनाओं के प्रति जागरूक किया। इस पहल के जरिए ऐसा सहज और सुरक्षित वातावरण तैयार किया गया, जहां महिलाएं इस विषय पर खुलकर बातचीत कर सकें।
महिला यात्रियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सार्वजनिक परिवहन स्थलों पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। कई यात्रियों ने माना कि ऐसे अभियान न केवल मासिक धर्म स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में इस विषय पर खुली चर्चा को भी सामान्य बनाने में मदद करते हैं।
एनसीआरटीसी का कहना है कि मासिक धर्म स्वास्थ्य महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन सामाजिक झिझक और जागरूकता की कमी के कारण आज भी इस विषय पर खुलकर चर्चा नहीं हो पाती। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम समय-समय पर सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियान चला रहा है।
बता दें कि इसी वर्ष एनसीआरटीसी ने ‘आकांक्षाओं के पंख’ नाम से जेंडर सेंसिटाइजेशन अभियान भी शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देना, महिला यात्रियों की चुनौतियों को समझना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में समाज की भागीदारी को मजबूत करना है। अगले पांच वर्षों तक चलने वाले इस अभियान के जरिए केवल व्यवस्थाओं में सुधार ही नहीं, बल्कि लोगों की सोच और दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा।
एनसीआरटीसी लगातार नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए नई पहल कर रहा है। तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ स्टेशनों और ट्रेनों को सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

