एनसीआर में वायु प्रदूषण पर सख्ती, 15 दिनों में 199 निरीक्षण; 66 उल्लंघन पाए गए, 29 डीजी सेट सील करने का प्रस्ताव
नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अपनी निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर दी है। आयोग की एनफोर्समेंट टास्क फोर्स (ईटीएफ) की 133वीं बैठक में 30 मई से 13 जून 2026 के बीच किए गए निरीक्षणों, अनुपालन की स्थिति और विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि 15 दिनों की अवधि में आयोग के फ्लाइंग स्क्वॉड ने कुल 199 निरीक्षण किए। इनमें निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) स्थलों के 10, औद्योगिक इकाइयों के 94 तथा डीजल जनरेटर (डीजी) सेट से संबंधित 95 निरीक्षण शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान कुल 66 उल्लंघन सामने आए, जिनमें सीएंडडी साइटों के 8, औद्योगिक क्षेत्र के 23 और डीजी सेट से जुड़े 35 मामले शामिल हैं।
निरीक्षण रिपोर्टों के आधार पर चार औद्योगिक इकाइयों या परियोजनाओं को बंद करने, 29 डीजी सेट सील करने, 12 अनुपालन निर्देश जारी करने तथा दो मामलों में पर्यावरण क्षतिपूर्ति (ईसी) लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। आयोग ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बैठक में पिछली यानी 132वीं ईटीएफ बैठक के बाद हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। आयोग ने पाया कि सीएंडडी साइटों और डीजी सेट से जुड़े सभी कार्रवाई योग्य मामलों में आवश्यक कदम उठाए गए हैं। अनुपालन की पुष्टि के बाद कुल 12 इकाइयों और परियोजनाओं को दोबारा संचालन की अनुमति दी गई है। इनमें छह औद्योगिक इकाइयां और छह सीएंडडी साइटें शामिल हैं। राज्यवार देखें तो उत्तर प्रदेश में आठ, हरियाणा में तीन और दिल्ली में एक पुनः संचालन आदेश जारी किया गया।
ईटीएफ ने 15 जून को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान की रिपोर्ट भी देखी। अभियान के दौरान 10 औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया, जिनमें केवल एक इकाई ही नियमों के अनुरूप पाई गई, जबकि नौ इकाइयों में गंभीर खामियां मिलीं। इनमें प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों का ठीक से काम न करना, वेट स्क्रबर और एयर पॉल्यूशन कंट्रोल डिवाइस का बंद होना, धुएं को नियंत्रित करने वाले सिस्टम की खराब स्थिति तथा उत्सर्जन मानकों का पालन न करना प्रमुख रूप से शामिल है।
आयोग ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण रिपोर्ट समय पर जमा की जाए, औद्योगिक इकाइयों के अनुपालन की सख्ती से जांच की जाए और उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 19 जून 2026 तक आयोग के फ्लाइंग स्क्वॉड कुल 27,577 इकाइयों, परियोजनाओं और संस्थाओं का निरीक्षण कर चुके हैं। इनमें 1,797 बंदी आदेश जारी किए गए, जबकि 1,416 मामलों में अनुपालन मिलने के बाद पुनः संचालन की अनुमति दी गई है।
सीएक्यूएम ने स्पष्ट किया कि एनसीआर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सख्त प्रवर्तन, बेहतर समन्वय और पर्यावरणीय मानकों के पालन पर लगातार जोर दिया जाएगा।
--आईएएनएस
एससीएच/डीएससी

