Samachar Nama
×

एनसीआर में पूरे सप्ताह 40 डिग्री से नीचे रहेगा पारा, 4 जून को बारिश और तूफान का येलो अलर्ट

नोएडा, 2 जून (आईएएनएस)। एनसीआर के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली हुई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 2 जून से 7 जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना नहीं है।
एनसीआर में पूरे सप्ताह 40 डिग्री से नीचे रहेगा पारा, 4 जून को बारिश और तूफान का येलो अलर्ट

नोएडा, 2 जून (आईएएनएस)। एनसीआर के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली हुई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 2 जून से 7 जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना नहीं है।

इस दौरान कई दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा और लोगों को लू तथा उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, 2 जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम आर्द्रता 70 प्रतिशत और न्यूनतम 45 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

विभाग ने इस दिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। 3 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम का मिजाज 2 जून की तरह ही रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।आर्द्रता का स्तर 70 से 45 प्रतिशत के बीच रह सकता है। हालांकि 4 जून को मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही बिजली चमकने, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने 5 जून को भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 6 जून को मौसम में सुधार देखने को मिलेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आर्द्रता 70 से 50 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है।

वहीं, 7 जून को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता 60 से 50 प्रतिशत के बीच रह सकती है। मौसम विभाग ने इस दिन भी कोई चेतावनी जारी नहीं की है। जून के पहले सप्ताह में एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है। लगातार बादलों की आवाजाही, रुक-रुक कर होने वाली बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान नियंत्रित रहेगा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा और 40 डिग्री का आंकड़ा पार नहीं करेगा, जिससे लोगों को राहत भरा मौसम मिलने की संभावना है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एसके

Share this story

Tags