Samachar Nama
×

एनसीआर में मानसून पड़ा कमजोर, बारिश के आसार बेहद कम; अगले छह दिन बादलों की आवाजाही रहेगी जारी

एनसीआर में मानसून पड़ा कमजोर, बारिश के आसार बेहद कम; अगले छह दिन बादलों की आवाजाही रहेगी जारी
एनसीआर में मानसून पड़ा कमजोर, बारिश के आसार बेहद कम; अगले छह दिन बादलों की आवाजाही रहेगी जारी

नोएडा, 7 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में मानसून अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है और दूसरे राज्यों की तुलना में यहां इसकी सक्रियता लगातार कमजोर होती जा रही है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में आसमान में बादलों की आवाजाही तो बनी रहेगी, लेकिन बारिश की संभावना धीरे-धीरे कम होती जाएगी। फिलहाल मौसम विभाग ने एनसीआर के लिए किसी भी दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

हालांकि, कुछ दिनों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 7 सितंबर को एनसीआर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 8 सितंबर को मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिलेगा। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। 9 सितंबर को अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट के साथ यह 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान दिया है। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 85 प्रतिशत और न्यूनतम 65 प्रतिशत रह सकता है।

10 सितंबर को भी मौसम लगभग इसी तरह रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम आर्द्रता 85 प्रतिशत तथा न्यूनतम आर्द्रता 65 प्रतिशत रहने की संभावना है। वहीं 11 सितंबर को तापमान में और मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। 12 सितंबर को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे।

कुल मिलाकर एनसीआर में मानसून अब कमजोर पड़ चुका है। 7 सितंबर को मध्यम बारिश की संभावना के बाद 8 से 12 सितंबर तक पूर्वानुमान में बारिश के बजाय आंशिक या सामान्य रूप से बादल छाए रहने की स्थिति प्रमुख है। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि मानसून की विदाई की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादलों के कारण कहीं-कहीं हल्की बारिश या बौछारें देखने को मिल सकती हैं। अगले कुछ दिनों में तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहने से उमस का असर भी महसूस हो सकता है।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम

Share this story

Tags