एनसीआर में बदलेगा मौसम का मिजाज, हल्की बारिश से एक्यूआई में सुधार की उम्मीद
नोएडा, 26 मार्च (आईएएनएस)। मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में इस सप्ताह मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। पूरे हफ्ते हल्की बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना जताई गई है। इस बदलाव का सीधा असर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पर भी देखने को मिलेगा, जिससे लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 26 और 27 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। इन दिनों अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 28 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 29 से 31 मार्च के बीच फिर से आंशिक रूप से बादल छाने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
वहीं, एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में वर्तमान एक्यूआई स्तर मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है। दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 233, बवाना में 221 और चांदनी चौक में 206 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है। इसके अलावा अशोक विहार में 168, अलीपुर में 173 और सीआरआरआई मथुरा रोड पर 171 एक्यूआई दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है। नोएडा की बात करें तो सेक्टर-125 में एक्यूआई 174, सेक्टर-62 में 160 और सेक्टर-116 में 194 दर्ज किया गया है।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में एक्यूआई 230 और नॉलेज पार्क-5 में 280 तक पहुंच गया है, जो काफी खराब स्थिति को दर्शाता है। गाजियाबाद में भी वायु गुणवत्ता चिंताजनक बनी हुई है। इंदिरापुरम में एक्यूआई 197, लोनी में 240, वसुंधरा में 222 और संजय नगर में 168 दर्ज किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कण नीचे बैठ जाते हैं, जिससे एक्यूआई में सुधार होता है। आने वाले दिनों में इसी वजह से वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल सकता है और लोगों को प्रदूषण से कुछ हद तक राहत मिलेगी।
इस सप्ताह एनसीआर के लोगों को मौसम में ठंडक और साफ हवा का अनुभव मिल सकता है, जिससे लंबे समय बाद राहत की सांस लेने का मौका मिलेगा।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीसीएच

