एनसीआर में बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप, 44 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा, हीट वेव का अलर्ट जारी
नोएडा, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिनों तक सूरज का प्रकोप लगातार बढ़ेगा और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तेज धूप के साथ चलने वाली गर्म हवाएं लू का रूप लेंगी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 22 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया। 23 अप्रैल को तापमान बढ़कर 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, 24 और 25 अप्रैल को स्थिति और गंभीर हो सकती है, जब अधिकतम तापमान क्रमशः 43 डिग्री और 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। इन दोनों दिनों के लिए हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। 26 और 27 अप्रैल को भी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं, जब अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी हीट वेव को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी है। लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने पर जोर दिया गया है। गर्मी के इस बढ़ते प्रभाव को देखते हुए स्कूलों में भी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
कई स्कूलों ने दिन के समय होने वाले स्पोर्ट्स पीरियड में बच्चों के बाहर निकलने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही प्रशासन और शिक्षा विभाग स्कूलों के समय में बदलाव पर भी विचार कर रहे हैं, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी से बचाया जा सके।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में इस तरह की गर्मी असामान्य नहीं है, लेकिन इस बार तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण लू का असर ज्यादा खतरनाक हो सकता है। ऐसे में सभी लोगों को सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

