एनसीआर में अगले चार दिनों में गर्मी बरपाएगी कहर, सांस से जुड़ी बीमारी का खतरा
नोएडा, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गर्मी ने अब कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
लगातार तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बीच एनसीआर के अधिकांश इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी 'बहुत खराब' से 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 17 अप्रैल को भी यही स्थिति बनी रहेगी, लेकिन उसके बाद पारा लगातार चढ़ेगा। 18 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है। 19 और 20 अप्रैल को अधिकतम पारा 39 डिग्री तक पहुंच जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहेगा। 21 अप्रैल को स्थिति और गंभीर हो जाएगी, जब अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री के बीच रहने की संभावना है और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया जाएगा।
मौसम विभाग ने आने वाले सभी दिनों में 'साफ आसमान' की भविष्यवाणी की है, जिससे तेज धूप और लू का असर और बढ़ जाएगा। गर्मी के साथ ही एनसीआर में वायु प्रदूषण ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में एक्यूआई खतरनाक स्तर पर है।
आंकड़ों के मुताबिक, आनंद विहार में एक्यूआई 323, आलीपुर में 313, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 317, बवाना में 271 और अशोक विहार में 221 दर्ज किया गया। वहीं, आया नगर में 170 और चांदनी चौक में 167 का स्तर रिकॉर्ड किया गया है।
ग्रेटर नोएडा की बात करें तो नॉलेज पार्क-3 में एक्यूआई 265 और नॉलेज पार्क-5 में 356 दर्ज किया गया है, जो 'बहुत खराब' से 'गंभीर' की ओर बढ़ता स्तर है। गाजियाबाद में भी हालात बेहतर नहीं हैं। लोनी में एक्यूआई 342, वेद विहार-लोनी में 332, इंदिरापुरम में 282, वसुंधरा में 276 और संजय नगर में 242 दर्ज किया गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे में लंबे समय तक बाहर रहने से सांस संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। मौसम विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने लोगों से सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, खूब पानी पीने और अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है। बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में तेज धूप और गर्मी के चलते लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीसी

