Samachar Nama
×

एनसीपी (एसपी) के एनडीए में शामिल होने पर पार्टी को लेना है फैसला: संजय उपाध्याय

एनसीपी (एसपी) के एनडीए में शामिल होने पर पार्टी को लेना है फैसला: संजय उपाध्याय
एनसीपी (एसपी) के एनडीए में शामिल होने पर पार्टी को लेना है फैसला: संजय उपाध्याय

मुंबई, 16 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े कई अहम मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के एनडीए में शामिल होने की अटकलों, महादेव बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई, हैदराबाद के स्कूल में कलमा होमवर्क विवाद और जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 की बहाली को लेकर दिए गए बयानों पर अपनी राय रखी।

एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के संभावित रूप से एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं पर संजय उपाध्याय ने कहा कि पिछले कई दिनों से मीडिया में इस तरह की खबरें चल रही हैं। हालांकि, इस विषय पर अंतिम निर्णय संबंधित राजनीतिक दल को ही लेना है। वे इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने के लिए स्वयं को बहुत छोटा मानते हैं और समय आने पर सभी बातें सार्वजनिक हो जाएंगी। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने जो बयान दिया है, वह उनकी पार्टी का आधिकारिक रुख है। एनडीए के साथ जाना है या इंडिया गठबंधन में बने रहना है, इसका निर्णय पूरी तरह एनसीपी (एसपी) का अधिकार है। भविष्य में वह किस राजनीतिक गठबंधन के साथ रहना चाहती है, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।

महादेव बेटिंग ऐप मामले में ईडी की हालिया कार्रवाई पर भाजपा विधायक ने कहा कि महादेव बेटिंग ऐप और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बीच संबंधों की चर्चा पहले भी होती रही है। हालिया ईडी कार्रवाई के बाद एक बार फिर ऐसे आरोपों को बल मिला है। केंद्र सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है, और हाल की कार्रवाई पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए एक बड़ा झटका है। मुझे पूरा विश्वास है कि महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े किसी भी व्यक्ति ने यदि अपराध या भ्रष्टाचार किया है, तो वह कानून से बच नहीं पाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हैदराबाद के एक स्कूल में कथित तौर पर छात्र को 'कलमा' पढ़ने का होमवर्क दिए जाने के विवाद पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं और यह पूरी तरह गलत है। यदि किसी शिक्षक या स्कूल प्रबंधन ने ऐसा किया है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस घटना को गंभीर बताते हुए संबंधित शिक्षक और स्कूल प्रशासन पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को बहाल करने को लेकर कांग्रेस नेता सैफुद्दीन सोज और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बयानों पर संजय उपाध्याय ने कहा कि यह केवल दिन में सपने देखने जैसा है। केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को समाप्त कर दिया है और अब इसे दोबारा लागू करने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता। आर्टिकल 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर पूरी तरह देश की मुख्यधारा से जुड़ा है और वहां के नागरिकों को देश के अन्य नागरिकों की तरह समान अधिकार प्राप्त हुए हैं। पहले जम्मू-कश्मीर में आने-जाने और अन्य कई मामलों में जो प्रतिबंध थे, वे आर्टिकल 370 के हटने के बाद समाप्त हो गए हैं, जो एक स्वागतयोग्य कदम है।

--आईएएनएस

पीएसके/डीकेपी

Share this story