एनसीबी ने पंजाब के फाजिल्का में 1.538 किलो हेरोइन और पिस्टल के साथ तीन को पकड़ा
चंडीगढ़, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब के फाजिल्का जिले से 1.538 किलो हेरोइन बरामद की है। इस ऑपरेशन में एक ग्लॉक पिस्टल और 3 कारतूस भी जब्त किए गए हैं। मौके से तीन लोगों को पकड़ा गया है।
एनसीबी की अमृतसर और चंडीगढ़ टीम ने एक विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर संयुक्त ऑपरेशन चलाया। यह ऑपरेशन फाजिल्का जिले के बनवाला स्थित छाबड़ा रिसॉर्ट के पास किया गया।
पकड़े गए लोगों की पहचान जसविंदर सिंह (20), पुत्र पुष्पेंद्र सिंह, निवासी लालकुर्ती, फिरोजपुर कैंट, पंजाब; पवंदीप सिंह, पुत्र सुरजीत सिंह, निवासी गांव नौशहरा पन्नुआं, जिला तरनतारन, पंजाब और एक नाबालिग के रूप में हुई है, जो फिरोजपुर कैंट, पंजाब का रहने वाला है।
इस संबंध में एनसीबी ने अपराध संख्या 28/2026 दिनांक 17.10.2026 को एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8, 21, 29 और 60 के तहत मामला दर्ज किया है।
शुरुआती जांच में इस खेप के मुख्य हैंडलर की पहचान हो गई है। पता चला है कि मुख्य हैंडलर इस समय फिरोजपुर सेंट्रल जेल में बंद है। अब एनसीबी इस पूरे नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक को खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से आई और इसे किसे पहुंचाया जाना था। एनसीबी ने कहा कि ब्यूरो नशा मुक्त भारत के संकल्प के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
साथ ही एनसीबी ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अगर किसी को नशा तस्करी के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो वह मानष राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1933 पर सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाती है।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी

