नई दिल्ली में सेंट किट्स और नेविस के हाई कमीशन का हुआ औपचारिक उद्घाटन
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को नई दिल्ली में सेंट किट्स और नेविस के हाई कमीशन के औपचारिक उद्घाटन में हिस्सा लिया। इस अवसर पर सेंट किट्स और नेविस के विदेश, व्यापार, उद्योग और आर्थिक विकास मंत्री डॉ. डेनजिल एल. डगलस मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम और मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने विकास परियोजनाओं, स्वास्थ्य सहयोग, डिजिटल क्षमता और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''नई दिल्ली में सेंट किट्स और नेविस के हाई कमीशन का औपचारिक उद्घाटन करने के लिए विदेश मामलों, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, उद्योग, वाणिज्य और उपभोक्ता मामलों, आर्थिक विकास और निवेश मंत्री डॉ. डेनजिल एल. डगलस के साथ शामिल होकर मुझे खुशी हुई। मुझे विश्वास है कि यह नया रेजिडेंट मिशन हमारी साझेदारी को और गहरा करने में सहायक होगा।''
डेनजिल एल. डगलस अपने देश में अंतरराष्ट्रीय व्यापार, उद्योग, वाणिज्य और उपभोक्ता मामले, आर्थिक विकास और निवेश के मंत्री भी हैं। दोनों मंत्रियों ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की।
जयशंकर ने कहा, “मंगलवार को सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री डॉ. डेनजिल एल डगलस की मेजबानी करके खुशी हुई। हमने विकास परियोजनाओं, स्वास्थ्य सहयोग, डिजिटल क्षमताओं और आपदा प्रबंधन पर चर्चा की। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत अच्छी रही।”
डगलस रविवार को चंडीगढ़ में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद नई दिल्ली पहुंचे थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि उनकी यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने और सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है।
सेंट किट्स एंड नेविस और भारत के बीच दोस्ताना और अच्छे संबंध रहे हैं। जुलाई 2007 में, भारत और सेंट किट्स एंड नेविस ने ब्यूरोक्रेटिक लेवल पर फॉरेन ऑफिस कंसल्टेशन के सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। भारत एक कॉमनवेल्थ देश है, इसलिए इसके नागरिकों को सेंट किट्स एंड नेविस में आने के लिए वीजा की जरूरत नहीं है।
एमईए के अनुसार, सेंट किट्स एंड नेविस आमतौर पर इंटरनेशनल मंचों पर भारत के रुख का समर्थन करता है।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी

