Samachar Nama
×

नक्सलियों ने हथियार छोड़े, मोदी-शाह की रणनीति रही सफल : योगेंद्र चंदोलिया

नक्सलियों ने हथियार छोड़े, मोदी-शाह की रणनीति रही सफल : योगेंद्र चंदोलिया
नक्सलियों ने हथियार छोड़े, मोदी-शाह की रणनीति रही सफल : योगेंद्र चंदोलिया

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने दिल्ली में वायु प्रदूषण, आम आदमी पार्टी (आप) की राजनीति और नक्सलवाद को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नक्सल मुक्त भारत की पहली दीपावाली' वाले बयान का समर्थन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने नक्सलवाद को समाप्त करने का लक्ष्य तय समय सीमा में पूरा किया है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता अलका लांबा और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा।

बस्तर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नक्सल मुक्त भारत की पहली दीपावाली' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने का जो लक्ष्य निर्धारित किया था, उसे तय समय सीमा के भीतर पूरा किया गया है। नक्सलियों ने हथियार छोड़ दिए हैं और देश में नक्सलवाद का खात्मा हो चुका है।

वहीं, कांग्रेस नेता अलका लांबा की सोशल मीडिया पोस्ट पर चंदोलिया ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को प्रदूषण के मुद्दे पर बोलने का अधिकार है, लेकिन अलका लांबा किस हैसियत से बयान दे रही हैं, यह स्पष्ट होना चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि वह किस महिला संगठन की अध्यक्ष हैं। चंदोलिया ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार ने दिल्ली की जो स्थिति बनाई, उसके बाद प्रदूषण को अचानक खत्म करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदूषण कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस के दिल्ली में पिछले तीन चुनावों के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए।

इसके अलावा, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के पोस्ट पर भी योगेंद्र चंदोलिया ने प्रतिक्रिया दी। कपिल मिश्रा ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया था कि दिल्ली और पंजाब में वर्षों से चले आ रहे भ्रष्टाचार के कारण प्रदूषण की समस्या पैदा हुई है।

इस पर चंदोलिया ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया है और अब पंजाब की बारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे, प्रदूषण और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर आम आदमी पार्टी की सरकार घिरी हुई है। इन समस्याओं के चलते पार्टी के लिए पंजाब की सत्ता में बने रहना मुश्किल होगा।

चंदोलिया ने कपिल मिश्रा के आरोपों का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने जो बातें कही हैं, वे सही हैं। भाजपा सांसद के इन बयानों से साफ है कि पार्टी ने प्रदूषण के मुद्दे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को घेरने की रणनीति अपनाई है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story