Samachar Nama
×

नवरात्र 2026: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और सीएम योगी सहित कई नेताओं ने मां महागौरी के चरणों में किया नमन

नवरात्र 2026: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और सीएम योगी सहित कई नेताओं ने मां महागौरी के चरणों में किया नमन
नवरात्र 2026: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और सीएम योगी सहित कई नेताओं ने मां महागौरी के चरणों में किया नमन

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। नवरात्र के आठवें दिन के पावन अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और उत्तर प्रदेश के सीएम सहित कई राज्य के मुख्यमंत्रियों की ओर से मां महागौरी के चरणों में नमन किया गया है।

केंद्रीय आवास व शहरी मामलों के मंत्री एवं विद्युत मंत्री मनोहर लाल की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया, "समस्त माता के भक्तों को पावन दुर्गा अष्टमी की अनंत शुभकामनाएं! आदिशक्ति मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप मां महागौरी के चरणों में सादर नमन और यही प्रार्थना है कि करुणामयी और अमोघ फलदायिनी देवी मां अपने सभी साधकों को आशीष देकर उनका कल्याण करें।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, "आदिशक्ति मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप मां महागौरी की आराधना से साधक के जीवन में पवित्रता, आत्मसंयम और शक्ति का संचार होता है। जगज्जननी मां से प्रार्थना है कि सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख और शांति का वास हो, उनकी मनोकामनाएं पूर्ण हों, तथा घर-आंगन नई आशा व नव ऊर्जा से आलोकित हो।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "पावन दुर्गाष्टमी के शुभ अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप, परम कल्याणमयी मां महागौरी के श्रीचरणों में कोटि-कोटि प्रणाम। मां की दिव्य कृपा से हर घर में सुख-समृद्धि का वास हो, हर मन में श्रद्धा और विश्वास का दीप प्रज्वलित रहे तथा सभी के जीवन में आरोग्य, शांति और मंगल का संचार हो। जगतजननी मां, महागौरी समस्त देशवासियों पर अपनी असीम कृपा बनाए रखें, यही उनके श्रीचरणों में प्रार्थना है।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आदिशक्ति मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप, ममता व पवित्रता की प्रतीक मां महागौरी के चरणों में कोटि-कोटि नमन! मां से प्रार्थना है कि वे सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करें और सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें।"

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "महाअष्टमी के पावन पर्व की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। शक्ति, शुद्धता और करुणा की प्रतीक मां महागौरी के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन। उनका दिव्य स्वरूप हमें अंतर्मन की नकारात्मकता त्यागकर सद्भाव, सरलता और निष्काम सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रार्थना है कि मां की कृपा से सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आए, घर-परिवार खुशियों से परिपूर्ण रहें और सभी के मनोरथ पूर्ण हों।"

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, "मां महागौरी की दिव्य कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सकारात्मकता बनी रहे। मां के आशीर्वाद से हर घर में खुशहाली और हर मन में नई आशा का संचार हो। शारदीय नवरात्रि के अष्टम पावन दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आदिशक्ति मां भगवती की अष्टम स्वरुप मां महागौरी जी के चरणों में कोटि-कोटि नमन! मां महागौरी का आशीर्वाद सभी भक्तों पर सदैव बना रहे, यही मंगलकामना है।"

--आईएएनएस

एसडी/एएस

Share this story