Samachar Nama
×

नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री से की मुलाकात

नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री से की मुलाकात
नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री से की मुलाकात

नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने बुधवार को मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगूलाम से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा भारतीय नौसेना और मॉरीशस राष्ट्रीय तटरक्षक बल के बीच सहयोग बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।

गौरतलब है कि नौसेना प्रमुख इन दिनों मॉरीशस की आधिकारिक यात्रा पर हैं। बैठक में मॉरीशस में भारत के उच्चायुक्त अनुराग श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत में समुद्री सुरक्षा, प्रशिक्षण के आदान-प्रदान, सूचना साझा करने की व्यवस्था, क्षमता निर्माण और दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच परिचालन स्तर पर सहयोग को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री को आश्वस्त किया कि भारतीय नौसेना मॉरीशस पुलिस बल और मॉरीशस के राष्ट्रीय तटरक्षक बल की क्षमताओं को बढ़ाने में सहयोग करेगी। नौसेना उनकी क्षमता निर्माण संबंधी कोशिशों में पूरा सहयोग, सहायता और समर्थन जारी रखेगी।

भारतीय नौसेना और मॉरीशस राष्ट्रीय तटरक्षक बल के बीच लंबे समय से समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में घनिष्ठ सहयोग रहा है। हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए दोनों देशों के बीच प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और सूचना के आदान-प्रदान सहित कई स्तरों पर सहयोग किया जाता रहा है।

बैठक में इस सहयोग को और व्यापक बनाने के साथ-साथ दोनों देशों के समुद्री सुरक्षा संस्थानों के बीच परिचालन संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से समुद्री क्षेत्र में उपलब्ध सूचनाओं को साझा करने और संयुक्त क्षमता निर्माण के प्रयासों को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया गया। एडमिरल स्वामीनाथन की मॉरीशस यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत हिंद महासागर क्षेत्र में अपने समुद्री साझेदार देशों के साथ सुरक्षा सहयोग को लगातार मजबूत कर रहा है।

मॉरीशस हिंद महासागर में भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार है और दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा सहयोग को क्षेत्रीय स्थिरता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। वहीं भारतीय वायु सेना और रॉयल मलेशियन एयर फोर्स के बीच द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘उदार शक्ति 2026’ मलेशिया के सुबांग एयरबेस में किया जा रहा है।

इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच परिचालन सहयोग, आपसी तालमेल और सैन्य अनुभवों के आदान-प्रदान को मजबूत करना है। अभ्यास के दौरान दोनों देशों के वायु योद्धा संयुक्त मैदानी प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के बीच विशेषज्ञता और अनुभवों का आदान-प्रदान भी किया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण के दौरान दोनों वायु सेनाएं परिचालन अनुभव हासिल करने, एक-दूसरे की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को समझने और संयुक्त अभियानों के दौरान आपसी तालमेल बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं।

भारतीय वायु सेना और मलेशियाई वायु सेना के बीच इस तरह के द्विपक्षीय अभ्यास दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग का हिस्सा हैं।

--आईएएनएस

जीसीबी/एएमटी

Share this story

Tags