Samachar Nama
×

नेचर इंडेक्स: वैश्विक अनुसंधान शहरों के शीर्ष तीन स्थानों पर चीन काबिज

नेचर इंडेक्स: वैश्विक अनुसंधान शहरों के शीर्ष तीन स्थानों पर चीन काबिज
नेचर इंडेक्स: वैश्विक अनुसंधान शहरों के शीर्ष तीन स्थानों पर चीन काबिज

बीजिंग, 26 नवंबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन की प्रतिष्ठित पत्रिका 'नेचर' के नवीनतम विशेषांक '2026 नेचर इंडेक्स: अनुसंधान शहर' के मुताबिक, वर्ष 2025 में चीन की राजधानी पेइचिंग लगातार दूसरे साल दुनिया के अनुसंधान शहरों में पहले स्थान पर रही। वहीं, शांगहाई और नानचिंग ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। यह पहली बार है जब वैश्विक सूची के शीर्ष तीनों स्थानों पर चीनी शहरों ने जगह बनाई है।

इस विशेषांक में दुनिया के प्रमुख शहरों और महानगरीय क्षेत्रों में हुए शोध कार्यों का आकलन किया गया है। इसके लिए नेचर इंडेक्स में शामिल प्राकृतिक विज्ञान और स्वास्थ्य विज्ञान की 145 प्रमुख पत्रिकाओं में प्रकाशित शोध को आधार बनाया गया है। जून 2026 में नेचर इंडेक्स का दायरा बढ़ाते हुए इसमें अनुप्रयुक्त विज्ञान और सामाजिक विज्ञान से जुड़ी पत्रिकाओं को भी शामिल किया गया।

वर्ष 2025 के शीर्ष दस वैश्विक अनुसंधान शहरों में पेइचिंग, शांगहाई और नानचिंग के बाद न्यूयॉर्क महानगरीय क्षेत्र, क्वांगचो, बोस्टन महानगरीय क्षेत्र, सैन फ्रांसिस्को बे एरिया, वुहान, हांगचो और बाल्टीमोर-वाशिंगटन शामिल रहे। खास बात यह है कि 2016 से 2025 तक लगातार दस वर्षों में पेइचिंग दुनिया के अनुसंधान शहरों में पहले स्थान पर बना रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, प्राकृतिक विज्ञान के क्षेत्र में चीनी शहरों की बढ़त और मजबूत हुई है। वर्ष 2025 में इस क्षेत्र के दुनिया के शीर्ष दस शहरों में चीन के सात शहर शामिल रहे। पेइचिंग, शांगहाई और नानचिंग ने पहले तीन स्थान हासिल किए, जबकि क्वांगचो पांचवें, वुहान छठे, हांगचो आठवें और हेफ़ेई दसवें स्थान पर रहा। विषयवार देखें तो पेइचिंग ने रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान और पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, जैव विज्ञान के क्षेत्र में न्यूयॉर्क महानगरीय क्षेत्र सबसे आगे रहा।

इसके अलावा, वर्ष 2016 से 2025 के बीच प्राकृतिक विज्ञान में पेइचिंग का शोध उत्पादन लगातार दुनिया में सबसे अधिक रहा। नेचर इंडेक्स के समायोजित शेयर के आधार पर इस अवधि में प्राकृतिक विज्ञान के शोध उत्पादन में सबसे तेज वृद्धि भी पेइचिंग में दर्ज की गई। इस मामले में शांगहाई और क्वांगचो क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

नेचर इंडेक्स के प्रधान संपादक साइमन बेकर ने कहा कि पेइचिंग की यह उपलब्धि नेचर इंडेक्स में चीन के बढ़ते प्रभाव और उसकी मजबूत होती वैज्ञानिक अनुसंधान क्षमता का एक प्रमुख उदाहरण है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/

Share this story

Tags