नेशंस लीग: पुर्तगाल ने बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह, नॉर्वे को 2-1 से हराया
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। पुर्तगाल ने यूईएफए नेशंस लीग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बिना खेल रही पुर्तगाल टीम ने 79वें मिनट में गोंकालो रामोस के विजयी गोल की मदद से नॉर्वे को 2-1 से हराया।
क्रिस्टोफर अजेर ने शानदार हाफ-वॉली के जरिए मेहमान टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन दो मिनट बाद ही जोआओ कैंसेलो ने शानदार अंदाज में गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद मेजबान टीम ने बढ़त हासिल कर ली। जोआओ फेलिक्स के शानदार पास पर गोंकालो रामोस ने गोल दागा। दो बार नेशंस लीग का खिताब जीत चुकी पुर्तगाल की टीम ने मैच के अंत तक अपनी बढ़त कायम रखी और ग्रुप ए4 में जीत का सिलसिला जारी रखा। हालांकि, मैच के आखिरी मिनटों में फ्रांसिस्को कॉन्सेकाओ को दूसरा पीला कार्ड मिलने के कारण मैदान छोड़ना पड़ा, लेकिन इससे टीम की जीत पर कोई असर नहीं पड़ा।
वहीं दूसरी ओर, रासमस होजलुंड और जोशुआ जर्कजी ने अहम भूमिका निभाई और डेनमार्क तथा नीदरलैंड्स ने भी महत्वपूर्ण जीत हासिल की। होजलुंड की सधी हुई पेनल्टी ने डेनमार्क को इस कैंपेन की दूसरी जीत दिलाई और वेल्स के खिलाफ अपनी अजेय बढ़त को पांच मैचों तक बढ़ा दिया। वेल्स ने मैच की शुरुआत अच्छी की और गेंद पर ज्यादा कब्जा रखते हुए ब्रेनन जॉनसन और लुईस कौमास के जरिए कई हमले किए। हालांकि, धीरे-धीरे डेनमार्क ने वापसी की और हाफ-टाइम से पहले गुस्ताव इसाकसेन और ओलिवर प्रोवस्टगार्ड गोल करने के करीब पहुंच गए।
दूसरे हाफ में वेल्स के गोलकीपर डैनी वार्ड ने रास्मुस होजलुंड और इसाकसेन के शॉट्स पर शानदार बचाव किए। हालांकि, बाद में उनके एक गलत पास की वजह से डेनमार्क को पेनल्टी मिल गई। होजलुंड ने इस मौके का फायदा उठाते हुए आसानी से गोल कर दिया। यह उनके पिछले चार नेशंस लीग मैचों में तीसरा गोल था।
वहीं, आइंधोवन में नीदरलैंड्स ने सर्बिया को 2-1 से हराया। टीम की जीत में जोशुआ जर्कजी का गोल अहम रहा। इस जीत के साथ जावी हर्नांडेज की कोचिंग में नीदरलैंड्स की टीम अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखने में सफल रही। नीदरलैंड्स ने मैच के पहले 30 मिनट में पूरा नियंत्रण बनाए रखा और बढ़त हासिल कर ली।
ट्यून कूपमीनर्स की फ्री-किक खिलाड़ियों की भीड़ के बीच से निकलते हुए सीधे गोल में पहुंची। इसके बाद सर्बिया के मिहाजलो श्वेतकोविच ने हेडर से गोल कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। इस गोल के साथ यह सिलसिला जारी रहा कि नीदरलैंड्स ने अब तक अपने हर मैच में गोल किया है, लेकिन हर मैच में गोल भी खाया है। मैच खत्म होने से 19 मिनट पहले जोशुआ जर्कजी ने करीब से शानदार गोल कर नीदरलैंड्स को फिर बढ़त दिला दी। इस जीत के साथ टीम ने ग्रुप में दो जीत और दो ड्रॉ का रिकॉर्ड कायम रखा और अपनी अजेय लय बरकरार रखी है।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम

