Samachar Nama
×

नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप: पुरुषों में अभय ने बाजी मारी, महिलाओं में आकांक्षा बनीं चैंपियन

नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप: पुरुषों में अभय ने बाजी मारी, महिलाओं में आकांक्षा बनीं चैंपियन
नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप: पुरुषों में अभय ने बाजी मारी, महिलाओं में आकांक्षा बनीं चैंपियन

मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। 82वीं नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप में, एशियन गेम्स के पदक विजेता अभय सिंह और आकांक्षा सालुंखे क्रमशः पुरुष और महिला चैंपियन बने। रविवार को मुंबई के ओटर्स क्लब में आयोजित प्रतियोगिता में तमिलनाडु के टॉप सीड अभय सिंह ने मुंबई के दूसरे सीड वीर चोतराणी को 11-6, 11-4, 11-9 से हराया।

वर्ल्ड नंबर 26 अभय सिंह एशियन गेम्स में व्यक्तिगत सिल्वर मेडल हासिल कर चुके हैं। इसके साथ ही, लगातार पांचवीं बार फाइनल में पहुंचने वाले अभय ने अपना तीसरा सीनियर नेशनल खिताब अपने नाम किया।

क्वालीफायर के तौर पर खेलने वालीं आकांक्षा सालुंखे ने अपना पहला सीनियर नेशनल खिताब जीता। यह उनका लगातार तीसरा फाइनल था। गोवा की रहने वालीं और दो बार नेशनल गेम्स जीत चुकीं आकांक्षा, जो हाल ही में चोट से उबरकर लौटी हैं, उन्होंने तमिलनाडु की 5/8 सीड शमीना रियाज को 11-6, 11-4, 11-4 से हराया।

शमीना रियाज (जिन्होंने सेमीफाइनल में टॉप सीड राधिका सीलन को हराया था) और वीर चोतराणी, दोनों के लिए ही यह पहला सीनियर नेशनल फाइनल था।

अतुल कुमार यादव (5/8 सीड) ने फाइनल में अभिषेक को 11-7, 11-7, 4-11, 11-0 से हराकर 'प्रो-कोच' चैंपियन का खिताब जीता।

इससे पहले, शनिवार को हुए सेमीफाइनल मैचों में टॉप सीड अभय सिंह ने 3/4 सीड राहुल बैठा को 11-2, 11-3, 11-7 से हराया, जबकि दूसरे सीड वीर चोतराणी ने क्वालीफायर यश फड़ते को 13-11, 11-1, 3-11, 13-11 से मात दी।

महिलाओं के सेमीफाइनल (अंतिम चार) में, 5/8 सीड शमीना रियाज़ ने टॉप सीड राधिका सीलन को 8-11, 11-7, 11-8, 8-11, 11-3 से हराया। शमीना खिताबी मुकाबले में आकांक्षा सालुंखे और आद्या बुधिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से भिड़ेंगी। महिलाओं के क्वार्टर फाइनल में, आद्या बुधिया ने पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में दूसरी वरीयता प्राप्त निरुपमा दुबे को हराकर सभी को चौंका दिया था।

इस टूर्नामेंट की शुरुआत 394 कन्फर्म एंट्रीज के साथ हुई थी, जिसमें खिलाड़ियों के बीच शीर्ष सम्मान पाने के लिए कई दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले। इस चैंपियनशिप ने युवा और उभरते खिलाड़ियों को देश के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने और राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण अनुभव हासिल करने का एक शानदार मंच प्रदान किया। यह चैंपियनशिप तीन प्रमुख इवेंट्स में आयोजित की गई, जो स्क्वैश की बढ़ती लोकप्रियता और देश में मौजूद प्रतिभा की गहराई को दर्शाती है। यह तब और भी महत्वपूर्ण हो जाता है जब यह खेल 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक गेम्स में अपनी शुरुआत करने के लिए तैयार हो रहा है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags