Samachar Nama
×

नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप में वसुंधरा और यश ने चौंकाया

नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप में वसुंधरा और यश ने चौंकाया
नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप में वसुंधरा और यश ने चौंकाया

मुंबई, 19 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई के ओटर्स क्लब में जारी एचसीएल 82वीं नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। महिला प्री-क्वार्टर फाइनल में क्वालीफायर वसुंधरा नंगारे ने मौजूदा अंडर-19 चैंपियन और 5/8वीं वरीयता प्राप्त उन्नति त्रिपाठी को हराकर सभी को चौंका दिया।

यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और पांच गेम तक चला। वसुंधरा ने कड़ी टक्कर के बाद उन्नति को 11-7, 7-11, 13-11, 9-11, 11-9 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

महिला प्री-क्वार्टर फाइनल के एक अन्य मैच में, तमिलनाडु की टॉप सीड राथिका सुथंथिरा सीलन ने अपनी ही राज्य की व्योमिका खंडेलवाल को 11-3, 11-2, 11-9 से सीधे गेम में हराकर जीत दर्ज की। वहीं, पिछले साल की महिला उपविजेता आकांक्षा सालुंखे ने 3/4 सीड पूजा आरती आर को 11-3, 11-4, 11-5 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

महाराष्ट्र की दूसरी सीड निरुपमा दुबे ने भी अपनी ही राज्य की खिलाड़ी अश्मीरा बेग के खिलाफ आसानी से जीत हासिल की। ​​उन्होंने 11-3, 11-3, 11-2 से मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

पुरुषों के प्री-क्वार्टर फाइनल में, क्वालीफायर यश फड़ते ने 5/8 सीड आर्यन प्रताप सिंह को 11-4, 11-5, 11-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। पुरुष वर्ग में टॉप दो सीड, अभय सिंह और वीर चोटरानी, ​​आज शाम को अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

इससे पहले बुधवार को, अर्पित चोटालिया ने अहम मौकों पर संयम बनाए रखते हुए सदाशिव शिंगावा के खिलाफ 3-2 से शानदार वापसी की जीत दर्ज की और पुरुष एकल के अंतिम 16 में जगह बनाई। अर्पित चोटालिया ने यह मुकाबला 8-11, 9-11, 11-3, 11-4, 12-10 से जीता।

उतार-चढ़ाव भरे मुकाबले में, रणजीत सिंह ने आदर्श बनोधा को 11-6, 4-11, 14-12, 2-11, 11-6 से हराकर पुरुष वर्ग में भी 'अंतिम 16' में जगह बना ली। गोवा के यश ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरवीर सिंह पर सीधे सेटों में जीत दर्ज की। यश ने राउंड 32 के मुकाबले में गुरवीर को 13-11, 11-8, 11-9 से हराया।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags