Samachar Nama
×

उमर अब्दुल्ला के खिलाफ नेशनल कॉन्फ्रेंस के 24 विधायकों की बैठक, वीडियो में जाने कैबिनेट में बड़े बदलाव की मांग

उमर अब्दुल्ला के खिलाफ नेशनल कॉन्फ्रेंस के 24 विधायकों की बैठक, वीडियो में जाने कैबिनेट में बड़े बदलाव की मांग

जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद असंतोष के संकेत मिले हैं। पार्टी के 24 विधायक मुख्यमंत्री के खिलाफएकजुट हुए हैं। इनमें से 18 विधायकों ने शुक्रवार को श्रीनगर में लोलाब से विधायक कैसर जमशेद लोन के आवास पर बैठक की, जबकि 6 विधायक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसमें शामिल हुए।बैठक में विधायकों ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर सोगामी को पद से हटाने की मांग की। इसके साथ ही 27 अक्टूबर को कैबिनेट विस्तार के दौरान मंत्री बनाए गए चार नए मंत्रियों को हटाने और मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव करने की मांग भी उठाई गई।

नासिर सोगामी पर लगाए संगठन में हस्तक्षेप के आरोप

बैठक में शामिल विधायकों ने नासिर सोगामी की भूमिका पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सोगामी पार्टी नेतृत्व को गुमराह कर रहे हैं और संगठन के कामकाज में हस्तक्षेप कर रहे हैं। विधायकों का मानना है कि पार्टी और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के लिए मौजूदा व्यवस्था में बदलाव जरूरी है।विधायकों ने कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के चयन को लेकर भी असंतोष जताया। उनका कहना है कि मंत्रिमंडल में व्यापक बदलाव किया जाना चाहिए। हालांकि, इस संबंध में मुख्यमंत्री या पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।

चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल करेगा फारूक और उमर अब्दुल्ला से मुलाकात

बैठक में विधायकों ने अपनी मांगों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने के लिए चार सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल बनाने का फैसला किया। इस प्रतिनिधिमंडल की अगुआई पार्टी के वरिष्ठ नेता और गुरेज विधायक नजीर अहमद गुरेजी तथा थानामंडी विधायक मुजफ्फर इकबाल खान करेंगे।प्रतिनिधिमंडल नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात करेगा। इस दौरान विधायकों की मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री के सलाहकार को हटाने, चार नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर करने और कैबिनेट में बड़े बदलाव करने की मांग शामिल होगी।

नेतृत्व के जवाब के बाद तय होगी आगे की रणनीति

बैठक में शामिल विधायकों ने फिलहाल पार्टी नेतृत्व के जवाब का इंतजार करने का फैसला किया है। प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात और नेतृत्व की प्रतिक्रिया के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।मंत्रिमंडल विस्तार के कुछ ही दिनों बाद विधायकों की इस बैठक से नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर मतभेदों की चर्चा शुरू हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला विधायकों की मांगों पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या सरकार या संगठन में कोई बदलाव किया जाता है।

Share this story

Tags