नसरापुर केस के बहाने शिवसेना का महाराष्ट्र सरकार पर हमला, महिला सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल
मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) ने अपने मुखपत्र 'सामना' में महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। इसके साथ ही भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए महिलाओं और बच्चियों के प्रति बढ़ रहे अपराध को लेकर सवाल पूछा है।
शिवसेना (यूबीटी) ने सामना में लिखा, महाराष्ट्र के नसरापुर उत्पीड़न और हत्या मामले में विशेष अदालत ने दरिंदे को सोमवार को मौत की सजा सुनाई है। भोर तालुका के नसरापुर में चार साल की मासूम बच्ची के साथ हुए इस उत्पीड़न और उसके बाद की गई उसकी नृशंस हत्या से पूरा महाराष्ट्र दहल गया था। अब अदालत के इस फैसले से उस अभागिन मासूम और उसके माता-पिता को न्याय तो मिल गया है, लेकिन क्या इसके बाद यह कहा जा सकता है कि महाराष्ट्र की महिलाएं और मासूम बच्चियां सुरक्षित हो गई हैं? अब सत्ताधारी दल इस बात का ढिंढोरा पीटेंगे कि कैसे उन्होंने नसरापुर मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया, महज 58 दिनों के भीतर इसका निपटारा किया और उस दरिंदे को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई। वे खुद ही अपनी पीठ थपथपाएंगे, लेकिन क्या इससे महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का ग्राफ कम होगा? यह एक बड़ा सवाल है।
शिवसेना ने आगे कहा कि राज्य में इस समय सत्ताधारियों ने भ्रष्टाचार, घोटालों, पेपर लीक और राजनीतिक तोड़-फोड़ जैसी गतिविधियों ने कानून-व्यवस्था को चरमरा दिया है। महिलाओं और बच्चियों पर होने वाले अत्याचारों ने सारी हदें पार कर दी हैं। किसी जमाने में शिक्षा की नगरी माना जाने वाला पुणे आज महिला उत्पीड़न, दहेज प्रथा, `कोयता गैंग’, हत्याओं और गुंडागर्दी का केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री के गृहनगर नागपुर में भी कानून-व्यवस्था के चीथड़े उड़ते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित महिलाओं की चीखें हर तरफ सुनाई दे रही हैं। जिन्हें 'ईश्वर के घर के फूल' कहा जाता है, वे मासूम बच्चियां इन दरिंदों की हवस और क्रूरता का शिकार हो रही हैं।
सामना में लिखा है कि हाल ही में भिवंडी तालुका के कशेली इलाके में एक सात साल की बच्ची का यौन उत्पीड़न किया गया। कोल्हापुर में चॉकलेट का लालच देकर चार साल की मासूम को हवस का शिकार बनाया गया। पिंपरी-चिंचवड़ में एक इमारत के सुरक्षा गार्ड ने सोसायटी की छोटी बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। बदलापुर के एक नामी स्कूल में दो छोटी बच्चियों के साथ हुए यौन उत्पीड़न ने पूरे महाराष्ट्र में एक बड़ा तूफान खड़ा कर दिया था। दो महीने पहले मुंबई के घाटकोपर में भी एक दरिंदे ने दो छोटी बच्चियों पर अत्याचार करने की कोशिश की थी। कल्याण के कोलशेवाड़ी में भी एक 55 वर्षीय अपराधी ने एक नाबालिग लड़की का उत्पीड़न किया। सरकार महिला उत्पीड़न के मामलों को लेकर पूरी तरह निष्क्रिय है और अपराधियों में कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है।
शिवसेना ने आगे कहा कि पिछले कुछ सालों में महाराष्ट्र के भीतर छोटे बच्चों और बच्चियों के उत्पीड़न तथा हत्या के 23 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़ा तो सिर्फ दर्ज हुए अपराधों का है। अगर उन घटनाओं पर गौर करें जो दर्ज ही नहीं हो पातीं, तो यह साफ हो जाता है कि राज्य में `पॉक्सो’ या अन्य कड़े कानूनों का कोई खौफ नहीं बचा है।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

