Samachar Nama
×

नासिक के चार तालुकों में महसूस हुए भूकंप के हल्के झटके, कोई जनहानि नहीं

नासिक के चार तालुकों में महसूस हुए भूकंप के हल्के झटके, कोई जनहानि नहीं
नासिक के चार तालुकों में महसूस हुए भूकंप के हल्के झटके, कोई जनहानि नहीं

मुंबई, 26 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नासिक जिले में शनिवार देर रात और रविवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जिले के सुरगाणा, दिंडोरी, पेठ और कल्लवण तालुकों में आए भूकंप के झटकों से कुछ देर के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कहीं से भी किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, कल्लवण तालुका के दळवट क्षेत्र में रात 11:56 बजे करीब 20 से 30 सेकंड तक हल्का कंपन महसूस किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि भूकंप के दौरान घरों की टीन की छत, दीवारों और खिड़कियों में कंपन महसूस हुआ, जिससे लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।

वहीं, सुरगाणा तालुका के बोरगांव, सुरगाणा शहर, सराड और चिखली क्षेत्रों में रात 11:55 बजे पहला झटका महसूस हुआ। इसके बाद तड़के करीब 2:45 बजे एक बार फिर हल्के झटके आए। इस दौरान सराड स्थित शासकीय आश्रमशाला की एक दीवार में दरार आने की जानकारी सामने आई है।

इसके अलावा दिंडोरी तालुका के ननाशी और बाडगीचा पाडा क्षेत्रों में रात 11:55 बजे हल्का भूकंप महसूस किया गया। वहीं, पेठ तालुका के शिवशेत गांव के आसपास तड़के 2:44 बजे हल्के झटके दर्ज किए गए।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अब तक किसी भी प्रभावित क्षेत्र से जनहानि या वित्तीय नुकसान की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

प्राथमिक भूकंप रिपोर्ट के अनुसार, 25 जुलाई को रात 11:55 बजे आए इस भूकंप का केंद्र नासिक वेधशाला से लगभग 45 किलोमीटर दूर था। भूकंप की तीव्रता 3.6 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई, जिसे हल्की श्रेणी का भूकंप माना जाता है।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Share this story

Tags