नमो भारत: 21 प्रमुख स्टेशनों पर विशेष सेमी-नेमिंग और को-ब्रांडिंग अधिकारों के लिए निविदाएं आमंत्रित
गाजियाबाद, 7 मई (आईएएनएस)। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और लोकप्रियता को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने एक नई मार्केटिंग पहल शुरू की है। इसके तहत कॉरिडोर के 21 प्रमुख स्टेशनों पर विशेष सेमी-नेमिंग और को-ब्रांडिंग अधिकारों के लिए लाइसेंसधारी के चयन हेतु निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
इस पहल का उद्देश्य बड़े ब्रांड्स और कॉर्पोरेट कंपनियों को देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सेवा ‘नमो भारत’ के साथ जोड़ते हुए उन्हें व्यापक दृश्यता और पहचान प्रदान करना है। एनसीआरटीसी के अनुसार, चयनित ब्रांड्स को संबंधित स्टेशन के नाम के साथ अपना नाम जोड़ने का अवसर मिलेगा। यानी स्टेशन के मूल नाम के आगे या पीछे ब्रांड का नाम प्रदर्शित किया जा सकेगा।
इसके अलावा, स्टेशन परिसर, कॉनकोर्स एरिया, प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ बाहरी पिलर्स पर भी ब्रांडिंग की सुविधा दी जाएगी। इससे लाखों यात्रियों और सड़क से गुजरने वाले लोगों तक ब्रांड की निरंतर पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। इस पहल की खास बात यह भी है कि को-ब्रांडेड स्टेशनों के नाम ट्रेन के अंदर होने वाली उद्घोषणाओं में भी शामिल किए जाएंगे। इसके साथ ही, स्टेशन मैप्स पर ब्रांड का लोगो प्रमुखता से प्रदर्शित होगा।
एनसीआरटीसी स्टेशन परिसरों में कियोस्क स्थापित करने के लिए भी समर्पित स्थान उपलब्ध कराएगा, जिससे कंपनियां उपभोक्ताओं के साथ सीधे संवाद और अनुभवात्मक मार्केटिंग कर सकेंगी।
बता दें कि गुलधर नमो भारत स्टेशन के लिए सेमी-नेमिंग अधिकार पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं। जिन 21 स्टेशनों को इस योजना के तहत शामिल किया गया है, उनमें सराय काले खां नमो भारत स्टेशन, न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन, आनंद विहार नमो भारत स्टेशन, साहिबाबाद नमो भारत स्टेशन, गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन, मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन, बेगमपुल नमो भारत स्टेशन और मोदीपुरम नमो भारत स्टेशन सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं। इनमें नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों सेवाओं के स्टेशन सम्मिलित हैं।
एनसीआरटीसी का कहना है कि ये स्टेशन घनी आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, शैक्षणिक संस्थानों और आवासीय इलाकों के नजदीक बनाए गए हैं, जिससे ब्रांड्स को अधिक एक्सपोजर मिलेगा। 21 अक्टूबर 2023 से चरणबद्ध तरीके से शुरू हुई नमो भारत सेवा अब तक 3 करोड़ से अधिक कम्यूटर ट्रिप्स का आंकड़ा पार कर चुकी है, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति वाली नमो भारत ट्रेन क्षेत्रीय यात्रा को तेज, सुरक्षित और आरामदायक बना रही है। यह दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा समय को लगभग एक-तिहाई तक कम करती है। हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा पूरे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया गया था, साथ ही मेरठ मेट्रो सेवा का भी उद्घाटन किया गया।
एनसीआरटीसी की यह पहल न केवल राजस्व बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि इससे निजी कंपनियों और सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के बीच साझेदारी को भी नई मजबूती मिलेगी। इच्छुक कंपनियां निविदा दस्तावेज एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट तथा सेंट्रल पब्लिक प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर प्राप्त कर सकती हैं।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

