Samachar Nama
×

नाल्को भर्ती अलर्ट: मेडिकल ऑफिसर सहित कई पदों पर नौकरी का अवसर, इस तिथि तक करें आवेदन

नाल्को भर्ती अलर्ट: मेडिकल ऑफिसर सहित कई पदों पर नौकरी का अवसर, इस तिथि तक करें आवेदन
नाल्को भर्ती अलर्ट: मेडिकल ऑफिसर सहित कई पदों पर नौकरी का अवसर, इस तिथि तक करें आवेदन

भुवनेश्वर, 30 जुलाई (आईएएनएस)। अगर आप नौकरी की तलाश में हैं तो यह खबर आपके लिए है। नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (नाल्को) ने मेडिकल ऑफिसर सहित कई पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।

नाल्को की ओर से जारी रिक्तियों में मेडिकल ऑफिसर/ई02 ग्रेड के 2, स्पेशलिस्ट/ई02 ग्रेड (ऑर्थोपेडिक का 1 और रेडियोलॉजी का 1), स्पेशलिस्ट/ई03 ग्रेड (ऑप्थल्मोलॉजी का 1 और रेडियोलॉजी का 1) पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 जुलाई के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त तय की है। इन रिक्तियों के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार नाल्को की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

मेडिकल ऑफिसर पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, डीजीओएश (डायरेक्टरेट जनरल ऑक्यूपेशनल सेफ्टी एंड हेल्थ) से मंजूरशुदा इंडस्ट्रियल हेल्थ में पीजी सर्टिफिकेट वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास सरकारी/पीएसयू या नामी/प्रमुख अस्पताल/संस्थानों में डॉक्टर के तौर पर क्वालिफिकेशन के बाद चार वर्ष का पूरा अनुभव होना चाहिए।

स्पेशलिस्ट पद के लिए कैंडिडेट्स के पास जरूरी स्पेशलाइजेशन के अनुसार संबंधित विषय में एमडी/एमएस/मान्यता प्राप्त पोस्ट-एमबीबीएस डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास एमडी/एमएस/मान्यता प्राप्त डिप्लोमा के बाद स्पेशलिस्ट डॉक्टर के तौर पर सरकारी/पीएसयू या प्रतिष्ठित/प्रमुख अस्पताल/संस्थान में तीन वर्ष का पूरा अनुभव होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 35 से 38 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, पर्सनल इंटरव्यू और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 70,000 से 2,20,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी

Share this story