नई दिल्ली: गाड़ी चोरी करने और मोबाइल छीनने का आरोपी गिरफ्तार, पांच बाइक बरामद
नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। नई दिल्ली के शाहदरा जिले में पुलिस ने गाड़ी और मोबाइल चोरी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की पांच बाइक और एक मोबाइल बरामद किया है।
लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस एक्टिव हुई। एएटीएस और शाहदरा पुलिस की टीम ने चोरी वाली जगहों के सीसीटीवी फुटेज की जांच, खुफिया जानकारी और इलाके में सक्रिय वाहन चोरों की पहचान करने में जुटी। बीते दिन सोमवार को खुफिया जानकारी मिलने पर एएटीएस ने 28 वर्षीय उमेश उर्फ हिमांशु को पकड़ा। वह चोरी की टीवीएस अपाचे बाइक से जा रहा था।
पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई वाहन चोरी के मामलों में अपनी संलिप्तता कबूल की। उसके खुलासे के आधार पर चोरी की चार और दोपहिया गाड़ियां बरामद की गईं। आरोपी ने बताया कि बरामद गाड़ियों में से दो उसने खुद चुराई थीं, जबकि बाकी दो गाड़ियां उसके साथी राशिद ने उसे बेचने से पहले सुरक्षित रखने के लिए दी थीं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी बताया कि उसका साथी राशिद, जो खुद भी नशे का आदी है, उससे संजय झील के पास मिलता था। उसे पहचानने और पकड़ने की कोशिशें जारी हैं। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। उसने कबूल किया कि यह फोन ईस्ट विनोद नगर मेट्रो स्टेशन के पास छीना गया था।
पुलिस ने सामान बरामद कर लिया है। आरोपी के साथी राशिद को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं। माना जा रहा है कि राशिद चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने में सक्रिय रूप से शामिल है।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी

