Samachar Nama
×

गाजियाबाद: नाबालिग से पहचान छिपाकर दोस्ती और पीछा करने का आरोप, धर्मांतरण की भी कोशिश, एफआईआर दर्ज

गाजियाबाद: नाबालिग से पहचान छिपाकर दोस्ती और पीछा करने का आरोप, धर्मांतरण की भी कोशिश, एफआईआर दर्ज
गाजियाबाद: नाबालिग से पहचान छिपाकर दोस्ती और पीछा करने का आरोप, धर्मांतरण की भी कोशिश, एफआईआर दर्ज

गाजियाबाद, 12 अगस्त (आईएएनएस)। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाकर अपने संपर्क में लाने, उसका पीछा करने, नशे का आदी बनाने, भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल करने और परिवार को धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में किशोरी की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत में आतिश खान नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिवार की ओर से मामले में धर्मांतरण के प्रयास की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, धर्मांतरण का आरोप जांच का विषय है और पुलिस जांच के बाद ही इसकी वास्तविकता स्पष्ट होगी। दस्तावेज के अनुसार, शिकायत 8 अगस्त को गाजियाबाद में सहायक पुलिस आयुक्त के समक्ष दी गई थी।

शिकायतकर्ता ने नाबालिग पुत्री के संबंध में कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि आतिश खान ने किशोरी से संपर्क बढ़ाने के दौरान कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाई और उसे अपना नाम सोनू उर्फ आदित्य सैनी बताया। शिकायत के मुताबिक, पहले दोस्ती करने के बाद किशोरी को किसी प्रकार का नशा कराया जाने लगा, जिसके कारण वह कथित तौर पर दो-दो दिन तक सोती रहती थी।

परिवार का आरोप है कि आरोपी ने किशोरी को अपने प्रभाव में लेने के लिए दो लड़कियों का भी सहारा लिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, एक अवसर पर परिवार ने आरोपी को किशोरी का पीछा करते हुए पकड़ लिया था। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक दिन रास्ते में आरोपी ने किशोरी के साथ अश्लील हरकत की, जिसके बाद वह डर और सहम गई।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी की मां की भी पूरे घटनाक्रम में भूमिका रही। आरोप है कि आरोपी की मां ने किशोरी को ब्लैकमेल करने का प्रयास किया और कहा कि यदि उसने युवक से बातचीत बंद की तो वह घर छोड़कर चली जाएगी या आत्महत्या कर लेगी, जिसकी जिम्मेदारी किशोरी पर होगी।

परिवार का यह भी आरोप है कि जब किशोरी आरोपी से दूरी बनाने का प्रयास कर रही थी, उसी दौरान युवक ने उसके पिता को धमकी दी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए नशे, पहचान छिपाने और धर्मांतरण की कोशिश जैसे आरोपों की भी जांच की जानी है। पुलिस की जांच, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएमटी

Share this story

Tags