Samachar Nama
×

नारी शक्ति वंदन अधिनियम: प्रमोद सावंत ने कहा, 'आजादी के बाद पहली बार महिलाओं को मिल रहा न्याय और सम्मान'

मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद पहली बार महिलाओं को न्याय मिल रहा है। महिलाओं को सम्मान मिल रहा है। यह बहुत गर्व की बात है।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत रविवार को मुंबई में 'मेडिकॉन 2.0' सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मेरे मित्र डॉक्टर विजय शर्मा के पदभार ग्रहण करने और अध्यक्ष बनने पर उन्हें बधाई देने के लिए मैं मुंबई आया हूं। अमृत मेडिकल के आने वाले वर्षों के लिए डॉ. विजय शर्मा और उनकी पूरी टीम को मेरी शुभकामनाएं। वे चिकित्सा क्षेत्र में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। इसलिए निश्चित रूप से मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।

इस दौरान, 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, "नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधेयक, जो 2023 में पारित हो चुका था। इसके लिए मैं सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करता हूं।"

उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण के संबंध में विशेष सत्र बुलाया गया है। संसद में इस ऐतिहासिक विधेयक को पारित कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस विधेयक को लेकर गर्व जताया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि एक संशोधन लाने के बाद इसे तुरंत लागू किया जाएगा। देश की आजादी के बाद पहली बार महिलाओं को न्याय मिल रहा है। महिलाओं को सम्मान मिल रहा है। यह बहुत गर्व की बात है।"

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पर महिलाओं का अभिनंदन किया और प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने अपने बयान में कहा, "मैं सभी बहनों का अभिनंदन करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को जो सम्मान दिया है, उसके लिए देशवासियों और गोवा की जनता की ओर से धन्यवाद देता हूं।"

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags