'न पंजाब झुकेगा, न आप', संजीव अरोड़ा के घर छापेमारी के बाद केंद्र पर बरसे आम आदमी पार्टी नेता
चंडीगढ़, 9 मई (आईएएनएस)। पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह छापेमारी लोकतंत्र की हत्या के समान है, जिसे भाजपा अंजाम दे रही है। आप इन हथकंड़ों से न आम आदमी पार्टी को झुका सकते हैं और न पंजाब को झुका सकते हैं।
पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का गठबंधन है। जहां भी चुनाव होते हैं, वहां लगातार दूसरे दलों की सरकारों को निशाना बनाया जाता है। आज दूसरी बार संजीव अरोड़ा के आवास पर छापेमारी की गई। यह लोकतंत्र की हत्या के समान है, जिसे भाजपा अंजाम दे रही है।"
उन्होंने कहा, "भाजपा बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान को खत्म करने की साजिश रच रही है। संविधान के तहत ही राजनीतिक पार्टियां बनी हैं और इसी के तहत राज्यों में दूसरे दलों की सरकारें बनती हैं। भाजपा के केंद्र में आने के बाद ईडी-सीबीआई के जरिए डरा-धमकाकर खत्म करने के प्रयास हो रहे हैं।"
हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाए कि कहीं ईडी से छापेमारी कराकर पार्टी तोड़ दी जाती है, विधायकों को खरीद लिया जाता है और कहीं क्रॉस-वोटिंग करा दी जाती है। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि यह देश के संविधान पर बहुत बड़ा हमला है। इस देश को आजाद कराने के लिए पंजाब के लाखों लोगों ने कुर्बानियां दी हैं। सबसे अधिक पंजाब के लोग देश के लिए शहीद हुए। आज दिनदहाड़े उस लोकतंत्र की हत्या भाजपा कर रही है। हम इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे और उम्मीद है कि पंजाब की जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।"
वहीं, पंजाब के मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा, "आप देख सकते हैं कि कैसे भाजपा केंद्रीय एजेंसियों ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल अब पंजाब में राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में, आम आदमी पार्टी के नेताओं और उनके करीबी सहयोगियों पर छापेमारी की गई है। आज सुबह संजीव अरोड़ा के घर दोबारा ईडी की टीमों ने छापा मारा है।"
उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में तीसरी बार और पिछले 10 दिन के अंदर दूसरी बार संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी ने छापेमारी की है। यह छापेमारी सिर्फ आम आदमी पार्टी को बदनाम करने के लिए कराई जा रही है।
अमन अरोड़ा ने कहा, "मैं केंद्र सरकार और एजेंसियों को कहना चाहता हूं कि आप भ्रम में न रहें, पंजाब की धरती गुरूओं की धरती है। यह सरदार भगत सिंह और ऊधम सिंह की धरती है। मेरी एजेंसी और केंद्र सरकार से विनती है कि इन हरकतों से बाज आएं, क्योंकि आप इन हथकंड़ों से न आम आदमी पार्टी को झुका सकते हैं और न पंजाब को झुका सकते हैं।"
बता दें कि ईडी के अधिकारियों ने चंडीगढ़ के सेक्टर 2 में शनिवाप सुबह पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास पर छापा मारा। इस दौरान करीब 20 वाहन और भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।
--आईएएनएस
डीसीएच/

