मां को पसंद नहीं था प्रेमी… बेटी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर उतारा मौत के घाट, लाश के कपड़े उतारकर रची ये साजिश

यूपी के लखनऊ में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जिसमें 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान उषा सिंह के रूप में हुई है। शुरुआत में तो महिला की बेटी ने शोर मचाया कि लूट के बाद उसकी मां की हत्या कर दी गई, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ी, सभी के रोंगटे खड़े हो गए।
पुलिस जांच में पता चला है कि प्यार के आड़े आ रही मां की हत्या उसकी ही 16 वर्षीय नाबालिग बेटी ने अपने 17 वर्षीय प्रेमी के साथ मिलकर की थी। दोनों ने पहले लड़की की मां का गला घोंट दिया। इसके बाद लड़की ने कांच के टुकड़े से अपना गला काट लिया और फिर घटना को लूट और बलात्कार का रूप देने के लिए मां के शरीर से कपड़े हटा दिए। कमरे का फर्नीचर बिखेर दिया और फिर अपने प्रेमी को भगा दिया। घटना शनिवार-रविवार रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। घटना के बाद लड़की ने मोहल्ले में शोर मचा दिया कि उसकी मां को बदमाशों ने मार डाला है।
उसने अपने चाचा को भी बुलाया और यही बात कही। इसके बाद आस-पड़ोस से लेकर रिश्तेदार तक सभी लोग घर पहुंच गए। वहीं, पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस को भी शुरुआत में बेटी ने गुमराह किया, लेकिन जब पुलिस को शक हुआ तो पुलिस ने बेटी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी कहानी बताते हुए कहा कि उसकी मां उसे उसके प्रेमी से मिलने नहीं देती थी, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी।
दोनों घर से भाग गए
पुलिस के अनुसार महिला की 16 वर्षीय बेटी का 17 वर्षीय गैर समुदाय के लड़के के साथ प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन लड़की की मां तैयार नहीं थी। पिछले साल ही दोनों घर से भाग गए थे, जिसके बाद लड़की की मां ने मामला दर्ज कराया और फिर पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया और प्रेमी को किशोर सुधार गृह भेज दिया, लेकिन किशोर सुधार गृह से छूटने के बाद लड़का लड़की को भड़काता रहा कि तुम्हारी मां ने हम दोनों को अलग कर दिया है। कुछ महीनों के बाद दोनों फिर मिलने लगे।
प्रेमी के उकसावे पर रची गई साजिश
इस दौरान युवती ने अपने प्रेमी के उकसावे पर अपनी मां की हत्या की साजिश रची थी। लड़की ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2:15 बजे अपने ब्वॉयफ्रेंड को फोन किया। इसके बाद दोनों ने दुपट्टे से महिला का गला घोंट दिया। फिर उसने शीशा तोड़ दिया और उसका गला घोंट दिया। पूरी घटना को लूट और हत्या के बाद बलात्कार का रूप देने के लिए लड़की ने अपनी मां के कपड़े भी उतार दिए और अपने प्रेमी को वहां से भगा दिया।
दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने घटना की जांच के लिए चार टीमें गठित कीं और नाबालिग लड़की की कॉल डिटेल खंगाली तो उसके प्रेमी से बातचीत के सबूत मिले। इसके बाद प्रेमी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने पूरी घटना कबूल कर ली। अब दोनों को किशोर सुधार गृह भेज दिया गया है और युवती के भाई की तहरीर पर दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
नाबालिग लड़की की मां उषा सिंह लखनऊ में एक ऑडिट बिल्डिंग में आउटसोर्सिंग में काम करती थीं। आरोपी लड़का उसके घर से 500 मीटर की दूरी पर रहता था। मां बेटी को सुरक्षा के लिए अपने साथ दफ्तर ले जाती थी और छुट्टी के बाद वापस ले आती थी।