Samachar Nama
×

मुजफ्फरनगर में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश घायल

मुजफ्फरनगर में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश घायल
मुजफ्फरनगर में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश घायल

मुजफ्फरनगर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में हुई। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान शादाब उर्फ कलीम पुत्र यासीन के रूप में हुई है। शादाब पर थाना नई मंडी से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। साथ ही वह थाना खतौली का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है। मुठभेड़ में घायल होने के बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात थाना नई मंडी पुलिस चौकी बागोंवाली क्षेत्र में सिसौना रोड पर गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नई मंडी थाने का एक फरार इनामी बदमाश मोटरसाइकिल से सिसौना की ओर से आने वाला है। मुखबिर ने यह भी बताया कि बदमाश के पास अवैध हथियार है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिसौना पुलिया के पास पहुंचकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद सिसौना गांव की तरफ से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह पुलिया के पास रुक गया। पुलिसकर्मियों ने उसे चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन वह मोटरसाइकिल को कच्चे रजवाहे की ओर मोड़कर भागने लगा।

पुलिस ने बदमाश का पीछा किया। कुछ दूरी पर कच्चा और ऊबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि शादाब उर्फ कलीम के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल के दिनों में उस पर अपने साथियों के साथ मिलकर भेड़ों को लूटने का भी आरोप लगा था। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story

Tags