Samachar Nama
×

मुस्लिम समुदाय ने प्रेमानंद महाराज के जल्द स्वस्थ होने की मांगी दुआ, अजमेर दरगाह में पेश की चादर

अजमेर, 27 मई (आईएएनएस)। अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बुधवार को संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर दुआ की। लोगों ने उनकी जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करते हुए दरगाह में अरदास की। इस मौके पर दरगाह के खिदमतगार सैयद हसन चिश्ती और सर्वधर्म एकता समिति के सचिव रफीक कादरी भी मौजूद रहे।

सैयद हसन चिश्ती ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि जब भी किसी संत या अच्छे व्यक्ति की तबीयत खराब होती है तो दुआ करना इंसानियत का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि प्रेमानंद महाराज भी देशभर में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं, और उसी भावना के साथ उनकी सेहत के लिए दुआ की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अजमेर दरगाह हमेशा से ही सभी धर्मों के लोगों के लिए दुआ और शांति का केंद्र रही है, जहां लोग बिना किसी भेदभाव के आते हैं और अपनी अर्जी लगाते हैं।

वहीं, सर्व धर्म एकता समिति के सचिव रफीक कादरी ने बताया कि प्रेमानंद महाराज की तबीयत इन दिनों ठीक नहीं चल रही है और उन्हें नियमित डायलिसिस की जरूरत पड़ रही है। इसी वजह से समुदाय के लोगों ने मिलकर दरगाह में उनके स्वास्थ्य के लिए दुआ मांगी। इस दौरान चादर भी पेश की गई और सभी ने मिलकर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की उस परंपरा को दिखाता है जहां अलग-अलग धर्मों के लोग एक-दूसरे के लिए दुआ करते हैं और एकता का संदेश देते हैं। उनका मानना है कि सच्चे संत वही होते हैं जो समाज में प्रेम और भाईचारे की भावना फैलाते हैं और प्रेमानंद महाराज भी ऐसे ही व्यक्तित्व हैं जो सभी के दिलों में जगह रखते हैं।

उन्होंने कहा, "पूरे एशिया में प्रेमानंद महाराज जैसा कोई संत नहीं है। वह हमेशा से प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं, इसलिए हम सब ने मिलकर आज उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।"

--आईएएनएस

पीआईएम/डीकेपी

Share this story

Tags