Samachar Nama
×

मुस्लिम आबादी बढ़ने पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बोले, भारत में एक दिन मुसलमान भी बन सकता है प्रधानमंत्री

मुस्लिम आबादी बढ़ने पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बोले, भारत में एक दिन मुसलमान भी बन सकता है प्रधानमंत्री
मुस्लिम आबादी बढ़ने पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बोले, भारत में एक दिन मुसलमान भी बन सकता है प्रधानमंत्री

बरेली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने अमेरिका स्थित प्यू रिसर्च सेंटर की जनसंख्या संबंधी रिपोर्ट का समर्थन करते हुए कहा कि दुनिया के कई देशों में मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में अमेरिका, इजरायल और भारत में भी मुस्लिम सर्वोच्च राजनीतिक पदों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के नए वक्फ नियमों का समर्थन किया।

मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि अमेरिका स्थित प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट में मुस्लिम आबादी बढ़ने को लेकर जो आंकड़े दिए गए हैं, वे काफी हद तक सही हैं। भारत, अमेरिका, बांग्लादेश और पाकिस्तान सहित कई देशों में मुस्लिम आबादी बढ़ रही है। उन्होंने इसके पीछे शिक्षा और आर्थिक स्थिति को भी कारण बताया। शिक्षा की कमी के कारण परिवारों में जनसंख्या नियंत्रण को लेकर जागरूकता कम रहती है।

उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया के बाद भारत में दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी है। कई अरब देशों की कुल मुस्लिम आबादी भी भारत के बराबर नहीं है। उन्होंने मुस्लिम आबादी बढ़ने को राजनीतिक प्रभाव से जोड़ते हुए कहा कि इजरायल में अरब पार्टियों और अमेरिका में मुस्लिम मतदाताओं ने राजनीतिक घटनाक्रम को प्रभावित किया है। मुस्लिम मतदाताओं ने इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू की कार्रवाई और अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के विरोध में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई है। आने वाले समय में अमेरिका का राष्ट्रपति मुस्लिम हो सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक दिन इजरायल का प्रधानमंत्री और भारत का प्रधानमंत्री भी मुस्लिम होगा।

उत्तर प्रदेश सरकार के नए वक्फ नियमों का समर्थन करते हुए मौलाना ने कहा कि मुतवल्ली के लिए पढ़ा-लिखा होना और हिंदी तथा उर्दू का ज्ञान रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इससे वक्फ संपत्तियों का रखरखाव बेहतर तरीके से हो सकेगा और उनमें भ्रष्टाचार की आशंका कम होगी। उत्तर प्रदेश में शिया और सुन्नी वक्फ की लगभग एक लाख 65 हजार संपत्तियां हैं। इतनी बड़ी संख्या में संपत्तियों के प्रबंधन के लिए योग्य और शिक्षित मुतवल्ली की जरूरत है। वक्फ करने वाले व्यक्ति की मंशा होती है कि संपत्ति से होने वाली आमदनी गरीब, कमजोर, जरूरतमंद, यतीम और विधवा महिलाओं की मदद में खर्च हो, लेकिन अब तक इस उद्देश्य के अनुसार काम नहीं हुआ। यदि केंद्र सरकार के वक्फ कानून में किए गए संशोधनों के अनुरूप नियमावली बनाई जाती है और वक्फ बोर्डों का गठन सही तरीके से होता है, तो संपत्तियों में भ्रष्टाचार पर रोक लग सकती है।

मौलाना ने उत्तर प्रदेश के शिया और सुन्नी वक्फ बोर्डों में अरबों रुपए के घोटाले होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व अध्यक्षों, सदस्यों और संबंधित अधिकारियों ने लखनऊ में करोड़ों रुपए की जमीनें बेहद कम कीमत पर बेचीं। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े मुद्दे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां चोरी की रकम ढाई से तीन करोड़ रुपए के आसपास बताई जाती है, जबकि वक्फ संपत्तियों में घोटाले अरबों रुपए के हैं। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

आजम खान के 'चुनाव नहीं, इंकलाब होगा' बयान पर मौलाना ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आजम खान समाजवादी पार्टी के नेता हैं और लंबे समय तक जेल में रहने तथा परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ने के बावजूद उनके बयानों में बदलाव नहीं आया है। मौलाना ने आरोप लगाया कि आजम खान के बयान भड़काने और उकसाने वाले होते हैं। उन्होंने कहा कि अब उन्हें राजनीति के बजाय खुदा की इबादत और नमाज पर ध्यान देना चाहिए। मौलाना ने आजम खान की राजनीति को भावनात्मक और लोगों को बांटने वाली बताते हुए उनसे अपने रवैये में सुधार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगे की राजनीतिक गतिविधियां आजम खान और उनके परिवार के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। आजम खान को अब विवादित बयान देने के बजाय अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी

Share this story