Samachar Nama
×

मुस्कान हत्याकांड के आरोपी का भागते हुए सीसीटीवी फुटेज वायरल, रिसेप्शनिस्ट बोली- इमरान ने लड़की को एक दो बार परेशान किया था

मुस्कान हत्याकांड के आरोपी का भागते हुए सीसीटीवी फुटेज वायरल, रिसेप्शनिस्ट बोली- इमरान ने लड़की को एक दो बार परेशान किया था
मुस्कान हत्याकांड के आरोपी का भागते हुए सीसीटीवी फुटेज वायरल, रिसेप्शनिस्ट बोली- इमरान ने लड़की को एक दो बार परेशान किया था

नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय छात्रा और मॉडल मुस्कान की कथित तौर पर उसके घर के अंदर चाकू मारकर हत्या से सनसनी फैल गई है। जिम ट्रेनर आरोपी इमरान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में वारदात को अंजाम देने के बाद इमरान घर से जाता हुआ दिखाई दे रहा है।

सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि इमरान कैसे तेजी से भागता हुआ नजर आ रहा है। अब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। छात्रा की हत्या करने के बाद आरोपी फरार है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जिम की रिसेप्शनिस्ट डिंपल ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "इमरान की बात करने का तरीका ठीक नहीं था। इस वजह से उसको दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। ट्रेनर इमरान की ओर से मुस्कान को एक-दो बार परेशान करने की कोशिश की गई थी। इसके बाद हम लोगों ने इमरान को समझाया। दो महीने बाद लड़की यहां से चली गई थी। मुस्कान अच्छी लड़की थी। उन दोनों के बीच कुछ ऐसा नहीं था। मुस्कान यहां वर्कआउट करती थी और चली जाती थी।"

जिम की रिसेप्शनिस्ट डिंपल ने आगे कहा, "शिकायत के बाद इमरान ने मुस्कान को जिम करते वक्त तंग करना छोड़ दिया। इमरान विष्णु गार्डन (पश्चिम दिल्ली) का रहने वाला था। इमरान ने यहां दो-तीन महीने तक ही काम किया था। उसको यहां से निकाले हुए भी दो महीने हो गए हैं।

बता दें कि बुधवार को मृतका मुस्कान दूसरी मंजिल पर स्थित अपने घर में अकेली थी, तभी उस पर हमला किया गया। आरोपी इमरान कथित तौर पर घर में घुसा, चाकू से उस पर हमला किया, और मौके से भाग गया। मदद के लिए मुस्कान की चीखें सुनकर पड़ोसी उसके घर पहुंचे और उसे गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में पाया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिषेक गुप्ता ने पत्रकारों को बताया, "हम आरोपी की तलाश कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि आसपास के इलाके की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।

आईएएनएस

एसडी/डीकेपी

Share this story

Tags