पुणे में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या, आरोपी शुभम कालबांडे 27 नवंबर तक पुलिस हिरासत में; पूछताछ में जुर्म कबूला
महाराष्ट्र के पुणे में महिला IT प्रोफेशनल को पीट-पीटकर मारने के मामले में आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर शुभम कालबांडे को अदालत ने 27 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मृतका की पहचान कोमल दहाले के रूप में हुई है। वह भी पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शुभम और कोमल पिछले तीन साल से अधिक समय से रिलेशनशिप में थे। हालांकि, बीते दो से तीन महीनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस अब इस झगड़े की वजह और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
होटल में डिनर के बाद PG लौटे थे दोनों
पुलिस के अनुसार, रविवार रात शुभम और कोमल एक होटल में डिनर करने गए थे। वहां से लौटने के बाद दोनों हिंजवड़ी के सखारे बस्ती इलाके में स्थित प्रिस्टीन PG पहुंचे। इसके बाद कोमल के कमरे में दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि रात करीब 12:30 बजे शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 3 बजे गुस्से में शुभम ने कोमल पर कई बार मुक्कों से हमला किया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर चोटों के कारण कोमल की मौत हो गई।
सुबह आरोपी ने खुद पुलिस को किया फोन
घटना के बाद सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी शुभम ने खुद पुलिस को फोन किया। उसने पुलिस से एम्बुलेंस भेजने के लिए कहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में महिला की हत्या किए जाने की बात सामने आई।इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि शुभम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
मृतका के परिजनों से भी पूछताछ
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार को कोमल के परिजनों से भी पूछताछ की। पुलिस दोनों के रिश्ते, पिछले कुछ महीनों से चल रहे विवाद और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।अदालत ने आरोपी को 27 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस इस दौरान हत्या के पीछे की वजह, घटनाक्रम और अन्य जरूरी सबूतों की जांच करेगी। मामले में आगे की जांच जारी है।

