Samachar Nama
×

पुणे कोर्ट के बाहर हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला, फुटेज में देंखे कुल्हाड़ी से दोनों हाथ काटे; 6 हमलावर फरार

पुणे कोर्ट के बाहर हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला, फुटेज में देंखे कुल्हाड़ी से दोनों हाथ काटे; 6 हमलावर फरार

 

महाराष्ट्र के पुणे में शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर बुधवार दोपहर हत्या के एक आरोपी पर जानलेवा हमला किया गया। करीब सवा एक बजे हुए इस हमले में आरोपी मंदार मारुति किवले के दोनों हाथ कट गए। हमलावरों ने उस पर धारदार हथियारों से कई वार किए और गोली चलाने की भी बात सामने आई। वारदात को अंजाम देने के बाद 6 आरोपी दो स्कूटर पर सवार होकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मंदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।पुलिस के मुताबिक, मंदार मारुति किवले पर 6 लोगों ने हमला किया था। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दो हमलावर मंदार पर बार-बार कुल्हाड़ी से वार करते दिखाई दे रहे हैं। हमले के दौरान मंदार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर से काफी खून बह रहा था। इसके बावजूद वह किसी तरह उठकर लड़खड़ाते हुए सड़क पार करने लगा। कुछ दूर जाने के बाद वह फुटपाथ पर गिर पड़ा।

दो पिस्टल और एक मैगजीन बरामद

घटना के बाद कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मी घायल मंदार को तत्काल ससून अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके शरीर पर धारदार हथियारों से हमले के निशान हैं। हालांकि, शुरुआती जांच में गोली लगने के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को घटनास्थल से दो पिस्टल और एक मैगजीन भी मिली हैं। फिलहाल डॉक्टर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज कर रहे हैं।

चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था मंदार

पुलिस जांच में सामने आया है कि मंदार मारुति किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज इलाके में हुई शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। इस हत्याकांड के पीछे जमीन और पैसों का विवाद बताया गया था। इसी मामले में पुलिस ने मंदार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह करीब चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।पुलिस को आशंका है कि मंदार पर हुआ हमला पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है। जेल से बाहर आने के कुछ ही दिनों बाद कोर्ट परिसर के बाहर उस पर हमला होने से मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच एजेंसियां हमले के पीछे की वजह और आरोपियों के आपसी संबंधों का पता लगा रही हैं।

DCP बोले- हमलावरों की पहचान हुई

पुणे सिटी पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद से ही हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुणे के DCP (क्राइम) गौहर हसन ने बताया कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों की जानकारी मिल सके। फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, घायल मंदार की हालत पर भी नजर रखी जा रही है।

Share this story

Tags