Samachar Nama
×

मुंगेर: कोहरे में कार और पिकअप वैन की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, दो घायल

मुंगेर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक कार और एक पिकअप वैन की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुंगेर: कोहरे में कार और पिकअप वैन की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, दो घायल

मुंगेर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक कार और एक पिकअप वैन की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज निवासी राहुल कुमार (25) अपने दो दोस्तों नवनीत कुमार और ऋतुराज कुमार के साथ मंगलवार देर रात किसी काम से सुल्तानगंज से मुंगेर की ओर जा रहा था।

वे एक एक्सयूवी गाड़ी से नेशनल हाईवे-80 पर जा रहे थे तभी उदयपुर के पास सामने से आ रही एक पिकअप वैन से उनकी गाड़ी की आमने-सामने टक्कर हो गई।

बताया गया कि कोहरे के कारण दोनों वाहन चालक एक-दूसरे को नहीं देख सके और जोरदार टक्कर हो गई। दोनों वाहनों में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में मौके पर ही राहुल कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त नवनीत और ऋतुराज गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन शुरू कराया। पुलिस ने राहुल के परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया कोहरा और तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया है। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए घायलों को भागलपुर रेफर किया गया है। घायलों की स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके/वीसी

Share this story

Tags