Samachar Nama
×

मुंबई पुलिस ने कांदिवली में पूर्व सैनिक पर चाकू से हमला मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने कांदिवली में पूर्व सैनिक पर चाकू से हमला मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने कांदिवली में पूर्व सैनिक पर चाकू से हमला मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

मुंबई, 19 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई के कांदिवली इलाके में एक पूर्व सैनिक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायल पूर्व सैनिक की पहचान 46 वर्षीय जयकरसिंह गुरमेजसिंह गिल के रूप में हुई है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित जयकरसिंह गुरमेजसिंह गिल (46) कांदिवली पश्चिम स्थित पवार पब्लिक स्कूल के पास धनलक्ष्मी एसआर बिल्डिंग में रहते हैं। वे कुछ साल पहले ही भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ, जब जयकरसिंह के बेटे विक्रम सिंह और आरोपियों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर बहस छिड़ गई।

विक्रम ने आरोपियों से कुछ हजार रुपए उधार लिए थे, जिसे लेकर आरोपी उसके साथ बिल्डिंग के पास गाली-गलौज कर रहे थे। बेटे के साथ हो रही बदतमीजी की आवाज सुनकर जब पूर्व सैनिक जयकरसिंह अपने घर से नीचे आए और युवकों के इस आचरण पर आपत्ति जताई, इससे आरोपी और अधिक भड़क गए। उन्होंने पहले पूर्व सैनिक के साथ हाथापाई की। इसके बाद गुस्से में आकर उन्होंने अपनी जेब से चाकू निकाला और पूर्व फौजी के सीने, कंधे और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से गंभीर रूप से घायल कर दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। खून से लथपथ पूर्व सैनिक को आनन-फानन में नजदीकी शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बाद में एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों सुजल सचिन राठौड़ और साहिल नंदू मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के वक्त दोनों आरोपी शराब के नशे में धुत थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags