Samachar Nama
×

मुंबई में तरबूज खाने से चार लोगों की मौत, अबू आजमी ने सीएम फडणवीस से निष्पक्ष जांच की मांग की

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई के पायधुनी इलाके में फूड प्वाइजनिंग के चलते एक ही परिवार के चार लोगों की मौत मामले की निष्पक्ष जांच की मांग महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने की है।
मुंबई में तरबूज खाने से चार लोगों की मौत, अबू आजमी ने सीएम फडणवीस से निष्पक्ष जांच की मांग की

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई के पायधुनी इलाके में फूड प्वाइजनिंग के चलते एक ही परिवार के चार लोगों की मौत मामले की निष्पक्ष जांच की मांग महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने की है।

अबू आजमी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत की घटना की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कलिंगड (तरबूज) खाने के बाद यह दुखद घटना हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता और भय का माहौल है। इस मामले में मिलावट या जहरीले तत्वों की आशंका को देखते हुए फॉरेंसिक जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय व हर संभव सहायता प्रदान की जाए।

जानकारी के मुताबिक, 25 अप्रैल की रात परिवार ने अपने घर पर कुछ रिश्तेदारों को बुलाया था। 9 लोगों ने मिलकर खाना खाया और इसके बाद रिश्तेदार अपने घर चले गए। देर रात 1 से 1.30 बजे के बीच अब्दुल्ला डोकाडिया, उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया और उनकी बेटियों आयशा और जैनब ने तरबूज खाया। तरबूज खाने के कुछ घंटों बाद ही सभी की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई। अगले दिन सुबह 26 अप्रैल की सुबह चारों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिसके बाद परिवार के सदस्यों को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। यहां से गंभीर हालत को देखते हुए जेजे अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन एक-एक कर सभी की मौत हो गई। इस दौरान सबसे पहले 13 साल की छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब सवा 10 बजे मौत हुई। इसके बाद थोड़ी-थोड़ी देर बाद तीन अन्य सदस्यों की मौत हो गई। जेजे मार्ग थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।

डीसीपी प्रवीण मुंढे ने बताया कि 25 अप्रैल को परिवार ने रिश्तेदारों के साथ खाना खाने के बाद रात में तरबूज खाया था। इसके बाद परिवार के चारों सदस्यों की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम किया जा चुका है और शरीर से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर यह साफ हो पाएगा कि मौत की असली वजह क्या थी।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story

Tags