मुंबई में सड़कों पर नमाज को लेकर किरीट सोमैया ने लिखा पत्र, प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता किरीट सोमैया ने मुंबई में सार्वजनिक सड़कों पर नमाज अदा किए जाने के मुद्दे को लेकर नगर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर होने वाली ऐसी गतिविधियों से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
किरीट सोमैया ने मुंबई नगर आयुक्त, पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त आयुक्त और मुंबई शहर और उपनगरों के जिला कलेक्टरों को संबोधित पत्र में कहा कि शहर के कुछ इलाकों में रेलवे स्टेशनों के बाहर और व्यस्त सड़कों पर नमाज अदा की जाती है, जिससे यातायात बाधित होता है। विशेष रूप से शुक्रवार को दोपहर के समय बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से सड़क यातायात पर असर पड़ता है और लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है।
पत्र में उन्होंने दावा किया कि सार्वजनिक सड़कों पर धार्मिक गतिविधियों की अनुमति देने से भविष्य में इसी प्रकार की मांगें अन्य स्थानों पर भी उठ सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि सार्वजनिक सड़कों, प्रमुख चौराहों और यातायात वाले क्षेत्रों का उपयोग धार्मिक आयोजनों के लिए न किया जाए।
सोमैया ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि विभिन्न न्यायालयों ने समय-समय पर सार्वजनिक स्थानों, मैदानों और उद्यानों के उपयोग को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक व्यवस्था और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए इन सिद्धांतों का पालन किया जाना चाहिए।
भाजपा नेता ने प्रशासन से मांग की कि सार्वजनिक सड़कों पर नमाज अदा करने की प्रथा को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। मुंबई जैसे महानगर में कानून-व्यवस्था, यातायात और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
यह पत्र ऐसे समय में सामने आया है, जब सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक गतिविधियों को लेकर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से बहस होती रही है। हालांकि, इस मामले पर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सोमैया ने अपने पत्र की प्रतियां मुंबई शहर और उपनगरीय जिलों के कलेक्टरों और ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त आयुक्त को भी भेजी हैं, ताकि इस विषय पर समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

