मुंबई में नकली पुलिस का खुलासा, मैकेनिक करता था धौंस जमाने का काम
मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के बांद्रा इलाके में पुलिस का झूठा रौब दिखाकर लोगों पर धौंस जमाने वाले एक फर्जी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पेशे से कार मैकेनिक है और अपनी कार के डैशबोर्ड पर पुलिस की कैप रखकर खुद को पुलिसकर्मी बताता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर प्लेट की कार और डैशबोर्ड पर रखी नीले रंग की पुलिस कैप जब्त की है।
बांद्रा पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिस हवलदार निखिलेश हनुमंत साबले और हवलदार सांगवे डॉ. वी. रघुनाथ मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान व्हाइट हाउस बिल्डिंग के सामने एक संदिग्ध सफेद रंग की कार खड़ी नजर आई। कार पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी और उसके सभी शीशों पर पर्दे लगे हुए थे। अंदर देखने पर फ्रंट डैशबोर्ड पर नीले रंग की पुलिस कैप रखी हुई मिली।
कार अंदर से लॉक होने के कारण हवलदार साबले ने बांद्रा ट्रैफिक विभाग को सूचना दी। शाम करीब 7:40 बजे ट्रैफिक पुलिस हवलदार अनिल कोली टोइंग वैन लेकर मौके पर पहुंचे। जब गाड़ी उठाने की कार्रवाई शुरू हुई, तभी एक व्यक्ति वहां पहुंचा और ट्रैफिक पुलिस व टोइंग कर्मचारियों से बदसलूकी करने लगा।
बहस के दौरान कार से एक महिला भी बाहर निकली। जब पुलिस ने उस व्यक्ति से पुलिस कैप और बिना नंबर की गाड़ी के बारे में कड़ाई से पूछताछ की, तो वह गोलमोल जवाब देने लगा। कड़े अनुशासन में पूछताछ करने पर उसकी पोल खुल गई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान फहाद फरीद खान (37), निवासी बांद्रा पश्चिम के रूप में हुई है, जो पेशे से एक कार मैकेनिक है। आरोपी के पास गाड़ी का कोई भी कागजात नहीं मिला।
जांच में साफ हुआ कि आरोपी मैकेनिक अपनी गाड़ी के डैशबोर्ड पर पुलिस कैप रखकर खुद के पुलिसकर्मी होने का झूठा भ्रम पैदा करता था ताकि आम जनता और ट्रैफिक पुलिस पर धौंस जमा सके।
इस मामले पर मुंबई पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद कार आरोपी कहां से लाया था और क्या उसने पहले भी इस तरह लोगों को डराया-धमकाया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच कर रही है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम

