Samachar Nama
×

मुंबई में ड्रग्स पर बड़ी कार्रवाई, 26 लाख की एमडीएमए गोलियों के साथ पेडलर गिरफ्तार

मुंबई, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए इरफान अली अंसारी नामक एक पेडलर को गिरफ्तार किया है।
मुंबई में ड्रग्स पर बड़ी कार्रवाई, 26 लाख की एमडीएमए गोलियों के साथ पेडलर गिरफ्तार

मुंबई, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए इरफान अली अंसारी नामक एक पेडलर को गिरफ्तार किया है।

मुंबई के साकीनाका इलाके से आरोपी को पकड़ा गया, जिसके पास से करीब 200 एक्स्टेसी (एमडीएमए) की गोलियां बरामद की गई हैं। जब्त की गई इन ड्रग्स की कीमत लगभग 26 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, हाल ही में नेस्को ग्राउंड में आयोजित एक म्यूजिक शो के दौरान ड्रग्स ओवरडोज के कारण दो युवकों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से मुंबई पुलिस ने शहर में ड्रग्स और तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी इरफान अली अंसारी भी उसी म्यूजिक इवेंट में मौजूद था, जिससे इस मामले में उसकी भूमिका और संदिग्ध हो गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इरफान अली अंसारी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसे वर्ष 2021 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने भी ड्रग्स तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार किया था, जिसमें वह करीब चार साल जेल में रहा और लगभग एक वर्ष पहले ही रिहा हुआ था।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसमें म्यूजिक पार्टी में शामिल कई लोगों के संपर्क नंबर मिले हैं। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इरफान ने उसी पार्टी में ड्रग्स की सप्लाई की थी, उसने ये ड्रग्स किसे बेची, और यह माल उसे कहां से प्राप्त हुआ?

आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 20 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags