मुंबई में दही हांडी का उत्साह, बॉलीवुड सितारों ने भी लिया हिस्सा
मुंबई, 5 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार को दही हांडी उत्सव पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। मुंबई और ठाणे समेत कई इलाकों में आयोजित दही हांडी समारोह में फिल्म जगत की कई हस्तियों ने भी हिस्सा लिया।
मुंबई में दही हांडी समारोह के दौरान अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने महाराष्ट्र की संस्कृति और यहां के लोगों के उत्साह की तारीफ की। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जब मैं 14 साल पहले महाराष्ट्र आई थी, उस समय से मैंने महाराष्ट्र और यहां के लोगों का जबरदस्त जोश और जुनून देखा है। जिस प्यार और उत्साह के साथ यहां के लोग हर त्योहार मनाते हैं, वह वाकई देखने लायक है।
अभिनेता संजय दत्त ने कहा कि उत्सव बहुत अच्छा है। मैंने 'वास्तव' फिल्म में भी ऐसा किया था। यह एक शानदार फेस्टिवल है और सच में यह एक एथलेटिक कारनामा है, और आज मैंने देखा कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जो युवाओं और बच्चों के लिए बहुत जरूरी है। सभी को बहुत शुभकामनाएं।
एक्टर वीर पहाड़िया ने कहा कि यह वाकई एक शानदार और बेहतरीन जश्न है। सभी को जन्माष्टमी और दही हंडी की बहुत-बहुत बधाई।
ठाणे में दही हांडी समारोह के दौरान अभिनेत्री नीलम शिर्के सामंत ने उत्सव को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि हमेशा की तरह यह फेस्टिवल सच में बहुत बढ़िया था। सभी छोटे बाल गोपाल यहां मौजूद थे। उन्हें सही मायने में बाल गोपाल कहा जाना चाहिए, क्योंकि यह फेस्टिवल महाराष्ट्र की संस्कृति का सार दिखाता है। मेरी तरफ से मैं आप सभी को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।
फिल्ममेकर क्रांति रेडकर ने कहा कि यह एक बिल्कुल नया अनुभव है। इतने सालों में अलग-अलग मंडलों में दही हांडी समारोह को जबरदस्त ऊर्जा, जुनून और उत्साह के साथ देखने के बाद मैं सच में चाहती थी कि मेरी टीम इसे खुद अनुभव करे, इसीलिए आज हम सब यहां आए हैं।
दही हंडी' कार्यक्रम में एक्टर सुनील शेट्टी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मामले में ठाणे से बेहतर कोई नहीं है। चाहे दही हंडी हो, गणपति हो या होली, यही तो हमारे देश की खूबसूरती है। सांस्कृतिक रूप से हमारे त्योहारों को पूरी दुनिया में पहचान मिली है, इसलिए मुझे लगता है कि यह अच्छे लोगों के एक साथ आने का मौका है।
अभिनेता रणदीप हुड्डा ने कहा कि जन्माष्टमी एक बहुत महत्वपूर्ण त्योहार है और दही हांडी इसका एक बहुत बड़ा हिस्सा है। लोग पूरे जोश के साथ इसकी तैयारी और अभ्यास करते हैं। यह लोगों को एक साथ लाता है। लोग टीमों में आते हैं और सभी गोविंदा मिलकर एक मजेदार माहौल बनाते हैं।
उन्होंने युवाओं की भूमिका पर कहा कि दही हांडी में युवाओं की भागीदारी ज्यादा होती है। वे खुद टीम बनाते हैं और एक साथ काम करना सीखते हैं। इसमें यह भी शामिल है कि कौन कहां खड़ा होगा, कौन नीचे रहेगा और कौन ऊपर जाएगा। हर किसी की अपनी ताकत के हिसाब से भूमिका होती है। यह युवाओं के एक साथ आने का एक बहुत महत्वपूर्ण तरीका है और युवाओं की ताकत ही देश की ताकत है।
अभिनेता गोविंदा ने कहा कि हर किसी को एक-दूसरे का ख्याल रखना चाहिए। ऐसे मौकों पर यह समझना जरूरी है कि यह सिर्फ एक खेल नहीं है, इस खेल से परे भी कई ऐसी बातें और विचार हैं जो हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं, इसलिए इन बातों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ें और पूरी दुनिया में अपने देश का मान और नजरिया ऊंचा करें। इन सब बातों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ें।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

