Samachar Nama
×

मुंबई में 6 साल के बच्चे से यौन उत्पीड़न का मामला, स्कूल का चपरासी गिरफ्तार

मुंबई, 8 मई (आईएएनएस)। मुंबई के गोवंडी इलाके में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 45 वर्षीय एक स्कूल चपरासी को छह साल के बच्चे के साथ कथित रूप से गलत हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना एक स्थानीय स्कूल में हुई, जिसे लोग आमतौर पर सुरक्षित और प्रतिष्ठित मानते हैं।
मुंबई में 6 साल के बच्चे से यौन उत्पीड़न का मामला, स्कूल का चपरासी गिरफ्तार

मुंबई, 8 मई (आईएएनएस)। मुंबई के गोवंडी इलाके में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 45 वर्षीय एक स्कूल चपरासी को छह साल के बच्चे के साथ कथित रूप से गलत हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना एक स्थानीय स्कूल में हुई, जिसे लोग आमतौर पर सुरक्षित और प्रतिष्ठित मानते हैं।

पुलिस के मुताबिक, बच्चा स्कूल से घर लौटने के बाद काफी डरा हुआ था। शुरुआत में उसने किसी से कुछ नहीं कहा, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर उसने अपने परिवार को पूरी घटना के बारे में बताया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्चे को लेकर तुरंत गोवंडी पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यह कानून बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा देने के लिए बनाया गया है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई का प्रावधान करता है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्कूल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना कब और कैसे हुई।

इसके साथ ही पुलिस स्कूल के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके। इस घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों में गहरी चिंता और नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन को गैर-शिक्षण कर्मचारियों की बेहतर जांच और निगरानी करनी चाहिए थी।

अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि स्कूल परिसर में हर स्तर पर सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। कई लोगों ने मांग की है कि स्कूलों में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन और सख्ती से किया जाए।

इससे पहले, 26 अप्रैल को भी मुंबई में एक मामला सामने आया था, जिसमें एक निजी कंपनी के कर्मचारी पर अपनी पूर्व सहकर्मी को परेशान करने और अश्लील संदेश भेजने के आरोप लगे थे। उस मामले में भी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था। पीड़िता ने शिकायत में बताया था कि नौकरी छोड़ने के बाद आरोपी ने ऑफिस ग्रुप से उसका नंबर लेकर उसे लगातार परेशान करना शुरू कर दिया था।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story

Tags