Samachar Nama
×

मुंबई: खुले मैनहोल में गिरकर बुजुर्ग की मौत, मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज, मुआवजा की मांग

मुंबई: खुले मैनहोल में गिरकर बुजुर्ग की मौत, मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज, मुआवजा की मांग
मुंबई: खुले मैनहोल में गिरकर बुजुर्ग की मौत, मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज, मुआवजा की मांग

मुंबई, 2 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई के साकीनाका इलाके में खैरानी रोड पर गुरुवार को भारी बारिश और जलभराव के बीच एक खुले मैनहोल में गिरने से 60 वर्षीय असलम शेख की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब इलाके में ड्रेनेज ग्रिल की मरम्मत का काम चल रहा था। इस हादसे के बाद लापरवाही के आरोपों को लेकर मामला बढ़ता जा रहा है। वकील पंकज कुमार मिश्रा ने इस घटना को लेकर महाराष्ट्र राज्य मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वकील पंकज कुमार मिश्रा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मैनहोल में गिरने से असलम शेख की मौत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि महानगरपालिका के एल वॉर्ड के अधिकारियों की कथित लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान चली गई।

उन्होंने शिकायत में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, समयबद्ध जांच, घटना से संबंधित एफआईआर दर्ज करने और विस्तृत रिपोर्ट तलब करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ड्रेनेज व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का ऑडिट कराने की भी मांग की।

वहीं, फायर ब्रिगेड अधिकारी एबी सोनावणे ने बताया कि सीवर लाइन में एक व्यक्ति के फंसे होने की सूचना मिलते ही बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गया। तेज पानी के बहाव के कारण व्यक्ति लगभग 100 फीट दूर दूसरे मैनहोल तक बह गया था। रेस्क्यू टीम ने उसे पानी की सतह के पास ड्रेन होल में फंसा हुआ पाया और करीब 20 से 22 मिनट तक चले अभियान के बाद हार्नेस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

फायर विभाग के कर्मचारी प्रकाश सतपाल ने बताया कि मैनहोल में गिरने की सूचना मिली थी। एबी सोनावणे के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस के माध्यम से राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, मृतक असलम शेख के मित्र इरफान ने आरोप लगाया कि ड्रेनेज मरम्मत स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने संबंधित ठेकेदार, वार्ड अधिकारियों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

Share this story

Tags