Samachar Nama
×

मुंबई का अगला मेयर महायुति से तय, हिंदू और मराठी होगा : संजय उपाध्याय

मुंबई, 14 जनवरी (आईएएनएस)। मुंबई में होने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने महायुति गठबंधन की स्थिति को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिव तीर्थ पर स्पष्ट ऐलान कर दिया है कि मुंबई का अगला मेयर महायुति से होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि मेयर हिंदू होगा और मराठी भाषी होगा।

संजय उपाध्याय ने आईएएनएस से कहा, "हमारे नेता पहले ही साफ कर चुके हैं कि मुंबई का बॉस कौन होगा। इस बारे में हमारे मन में कोई भ्रम नहीं है। हमने आधिकारिक तौर पर मुंबई की जनता को यह जानकारी दे दी है। महायुति पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है और जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है।"

विपक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान विपक्ष बड़े-बड़े दावे कर रहा था। विपक्ष कह रहा था कि मुख्यमंत्री भी उनका होगा और लोकसभा में तो लगभग हर विपक्षी नेता खुद को देश का प्रधानमंत्री मानकर चल रहा था। लेकिन न प्रधानमंत्री बना, न मुख्यमंत्री। यहां तक कि महाराष्ट्र में वे नगर निगम अध्यक्ष तक नहीं बना पाए।

संजय उपाध्याय ने आगे कहा कि अब चुनाव में केवल 24 घंटे बचे हैं। मतदान खत्म होने के बाद मतगणना होगी और उसी दिन यह साफ हो जाएगा कि मुंबई का मेयर कौन बनेगा। उन्होंने दावा किया कि नतीजे महायुति के पक्ष में होंगे।

इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। संजय उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के चीन और पाकिस्तान से संबंध पूरी दुनिया जानती है। कांग्रेस और राष्ट्रविरोधी ताकतों के रिश्ते किसी से छिपे नहीं हैं। एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चीन की तारीफ की, जिससे उनकी और उनकी पार्टी की सोच सामने आ गई।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम

Share this story

Tags